[ad_1]
Last Updated:
Typhoon Wipha Hits Vietnam: फिलीपींस, हॉन्ग कॉन्ग और चीन में तबाही मचाने के बाद भीषण चक्रवात ‘विफा’ वियतनाम की ओर तेजी से बढ़ा है. 20 जुलाई को हॉन्ग कॉन्ग में इसकी हवाओं की रफ्तार 167 किमी/घंटा तक पहुंची थीं, जो कैटेगरी-1 हरिकेन के बराबर थी. इसकी तेज़ हवाएं और भारी बारिश विनाशकारी साबित हुई हैं, जिनकी तस्वीरें देखकर आप चौंक जाएंगे.

इस वक्त दक्षिणी चीन सागर के आसपास मौजूद देशों में एक ही नाम छाया हुआ है – तूफान विफा. विफा दक्षिण चीन सागर से उठा तूफान है, जो 17, जुलाई 2025 को पैसिफिक महासागर में पलाऊ के पूर्व में लो प्रेशर एरिया के तौर पर शुरू हुआ था. गर्म समुद्री सतह और लो विंड शीयर के कारण यह तेजी से एक उष्णकटिबंधीय तूफान में बदल गया. 19 जुलाई को यह फिलीपींस के लुजॉन द्वीप के पूर्वी तट के पास तूफान पहुंचा. वहां इसे क्रिसिंग नाम दिया गया.

फिलीपींस में विफा ने मानसून को तेज किया. यहां इससे 3,70,000 लोग प्रभावित हुए, 43,000 को शरण लेनी पड़ी, और 400 से अधिक घरों को नुकसान पहुंचा. कागायन प्रांत में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई और तीन लापता हैं. सेबू और पंगासिनन में भी आपदा की स्थिति घोषित की गई.

20 जुलाई को यह विफा टाइफून की श्रेणी में आया, जब इसकी हवाएं 167 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार तक पहुंच गईं. इसके बाद ये तूफान हॉन्ग कॉन्ग और दक्षिणी चीन के ग्वांगडॉन्ग प्रांत की ओर बढ़ा. यहां इसने 20-21 जुलाई को दो बार लैंडफॉल किया.

T10 सिग्नल के साथ विफा टाइफून जब हॉन्ग कॉन्ग पहुंचा, तो बहुत शक्तिशाली था. हवाएं इतनी तेज थीं कि इंसान खड़े-खड़े उड़ जाए. लोगों ने इस परिस्थिति में शेल्टर लेकर खुद को बचाया. तूफान के चलते 471 पेड़ उखड़े, 26 लोग घायल हो गए. तूफान के चलते 400 से अधिक उड़ानें रद्द हुईं, जिससे 80,000 यात्री प्रभावित हुए. सिर्फ तीन घंटे में 110 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई.

हॉन्ग कॉन्ग के बाद तूफान ने चीन में ग्वांगडोंग के ताइशान और यांगजियांग का रुख किया. जहां भी तूफान के चलते तबाही मच गई. लैंडफॉल के बाद, विफा बिजली कटौती, बाढ़ और बंदरगाहों को बंद करने का कारण बना. तूफान के चलते झुहाई और मकाऊ में भी उड़ानें और ट्रेन सेवाएं बाधित हुईं.

22 जुलाई 2025 तक यह टॉन्किन की खाड़ी में वियतनाम के हनोई से 367 किमी पूर्व में पहुंचा. यहां भी तूफान की रफ्तार काबू में तो आई है लेकिन ज्यादा राहत नहीं है. अब भी तूफान की गति 103-117 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की आशंका है. हालांकि आगे विफा की हवाओं की रफ्तार थोड़ी कम पड़ेगी और ये 85 किलोमीटर प्रति घंटा की गति के साथ पश्चिम की ओर बढ़ेगा.

आपको बता दें कि विफा शब्द का थाई में अर्थ भव्यता होता है. हालांकि ये तूफान भव्य तो नहीं लेकिन डरावना जरूर है. इस दौरान चलती तेज हवाएं और काली घटाएं खौफ पैदा कर रही हैं. ये अपनी तेजी से बदलती प्रकृति के लिए चर्चा में है. ऐसे तूफानों की तीव्रता को वैज्ञानिक जलवायु परिवर्तन से जोड़ते हैं क्योंकि समुद्र की गर्म सतह ही उसे ताकत देती है.

हालांकि विफा सुपर टाइफून यागी और टाइफून हैयान जितना ताकतवर नहीं है. इन तूफानों के दौरान 240 किलोमीटर और 315 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चली थीं और ये ऐतिहासिक तूफान रहे हैं. बावजूद इसके भी विफा के दौरान होने वाली भारी बारिश इसे विनाशकारी बना रही हैं. (All Photos Credit- Reuters)
[ad_2]
Source link









