छतरपुर। जिला मुख्यालय के मुख्य बस स्टैंड क्षेत्र से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग लड़की को बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आरोपियों की तलाश के लिए तत्काल 8 अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के बस स्टैंड पर रात करीब 10 से 11 बजे के बीच तीन अज्ञात बदमाशों ने नाबालिग को अकेला पाकर दबोच लिया और एक सुनसान इलाके में ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की। पीड़िता ने सुबह परिजनों के साथ कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सीएसपी अरुण कुमार सोनी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप और पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ ही वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सूत्रों के मुताबिक, सटई क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता अपने एक परिचित के साथ घर से आई थी, जो उसे बस स्टैंड पर अकेला छोड़कर चला गया। इसी दौरान मुसाफिरखाने में अकेली बैठी लड़की पर आरोपियों की नीयत बिगड़ गई और वे उसे सुनसान जगह ले गए। पुलिस घटनास्थल की बारीकी से शिनाख्त करने के साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान में जुटी है।










