Home एक्सक्लूसिव सरहदों पार पहुँचा छतरपुर जिला अस्पताल का भरोसा: दूसरे राज्य और जिले...

सरहदों पार पहुँचा छतरपुर जिला अस्पताल का भरोसा: दूसरे राज्य और जिले से आए 7 बच्चों के टेढ़े पैर सीधे कर डॉक्टर रवि सोनी ने बढ़ाया सरकारी अस्पताल का मान

27
0

छतरपुर। जिला अस्पताल में पदस्थ डॉ. रवि सोनी और उनकी समर्पित टीम ने एक साथ 7 जन्मजात टेढ़े-मेढ़े पैर (क्लब फुट) से पीड़ित बच्चों का सफल उपचार कर उन्हें एक नई जिंदगी का अनमोल उपहार दिया है। जिला अस्पताल के इस चमत्कार की गूँज अब मध्यप्रदेश के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में भी सुनाई दे रही है। यही वजह है कि इन 7 बच्चों में छतरपुर जिले के 5 बच्चों के साथ-साथ पन्ना जिले का 1 बच्चा और उत्तर प्रदेश के फरीदाबाद से आया 1 मासूम बच्चा भी शामिल है। इन सभी का इलाज आधुनिक पॉपस्टार पद्धति से पूरी तरह सफल रहा है।
कहते हैं कि आधी बीमारी तो डॉक्टर के अच्छे व्यवहार से ही ठीक हो जाती है। चेहरे पर सदा रहने वाली एक सहज मुस्कान, मरीजों और तीमारदारों से अपने बेटे जैसा आत्मीय व्यवहार—यह पहचान है छतरपुर जिला अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉक्टर रवि सोनी की। उनके पास आने वाले किसी भी मरीज या बुजुर्ग को कभी यह अहसास ही नहीं होता कि वे किसी बड़े डॉक्टर से बात कर रहे हैं। इसी सरलता, सहजता और सेवा भाव के चलते जिला अस्पताल ने सफलता की एक ऐसी नई इबारत लिखी है, जिसने न सिर्फ सरकारी अस्पताल का मान बढ़ाया है, बल्कि सरहदों को पार कर दूसरे राज्यों के लोगों का दिल भी जीत लिया है।
डॉ. रवि सोनी अपनी टीम के साथ गरीब परिवारों के लिए उम्मीद की आखिरी किरण बनकर उभरे हैं। यदि यही जटिल इलाज किसी निजी अस्पताल में कराया जाए, तो बेबस माता-पिता को 50 से 60 हजार रुपये तक का भारी-भरकम खर्च उठाना पड़ता है। पैसों के अभाव में कई मासूम पूरी जिंदगी दिव्यांग रहने को मजबूर हो जाते, लेकिन जिला अस्पताल ने इस पूरे उपचार को पूरी तरह निःशुल्क कर उन लाचार आँखों में खुशी के आँसू ला दिए हैं। डॉ. सोनी की टीम अब तक 500 से अधिक बच्चों के पैरों को सीधा कर उन्हें दौड़ने-भागने की आजादी दे चुकी है।
घबराएं नहीं, सही समय पर आएं — मासूमों के माता-पिता से डॉक्टर की भावुक अपील
अस्पताल में अपनेपन का माहौल बनाने वाले डॉ. रवि सोनी ने इस बीमारी से जूझ रहे परिवारों का हौसला बढ़ाते हुए एक बेहद मार्मिक अपील की है। उन्होंने कहा कि जन्मजात टेढ़े-मेढ़े पैर कोई अभिशाप नहीं हैं, बस जरूरत इस बात की है कि सही समय पर अस्पताल आकर इलाज शुरू कराया जाए। दूसरे राज्य और जिलों से आए मरीजों का यह भरोसा साफ बयां कर रहा है कि डॉ. रवि सोनी जैसी कर्तव्यनिष्ठ और संवेदनशील टीम के कारण आज छतरपुर जिला अस्पताल का गौरव पूरे बुंदेलखंड में सबसे ऊपर चमक रहा है।

Arvind Jain Editor, Bundelkhand Samchar
Google search engine

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here