छतरपुर। जिले में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया विवादों के घेरे में आ गई है। रविवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष गगन यादव ने प्रेस वार्ता के दौरान सत्ता पक्ष और प्रशासन पर ‘लोकतंत्र की हत्या’ का गंभीर आरोप लगाते हुए राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी।
विपक्षी वोटरों के ‘नरसंहार’ की साजिश! गगन यादव ने सीधे शब्दों में कहा कि SIR के नाम पर जिले में एक बड़ा सुनियोजित षड्यंत्र रचा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि फर्जी आपत्तियों के जरिए विपक्षी विचारधारा वाले मतदाताओं, विशेषकर गरीब, दलित और अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के नाम मतदाता सूची से अवैध रूप से हटाए जा रहे हैं। यादव ने इसे “वोटिंग राइट्स पर डकैती” करार दिया।
“सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस, सुप्रीम कोर्ट तक लड़ेंगे जंग” प्रशासन को खुली चेतावनी देते हुए जिला अध्यक्ष ने कहा, “यदि यह फर्जीवाड़ा तुरंत नहीं रुका, तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। हम ईंट से ईंट बजा देंगे और सड़कों पर उग्र आंदोलन करेंगे। अगर जरूरत पड़ी तो इस न्याय की लड़ाई को सुप्रीम कोर्ट की दहलीज तक ले जाया जाएगा।”
चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल कांग्रेस ने चुनाव आयोग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। यादव के मुताबिक, कई विधानसभा क्षेत्रों से एक जैसी शिकायतें आना यह साबित करता है कि यह कोई तकनीकी चूक नहीं बल्कि एक गहरी राजनीतिक साजिश है।
प्रेस वार्ता में संतोष तिवारी, आबिद सिद्दीकी, अशोक मिश्रा, अदित सिंह, सरमनलाल मिश्रा सहित भारी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने साफ कर दिया कि कांग्रेस इस मुद्दे पर आर-पार के मूड में है।










