छतरपुर | शहर के गणेश एनक्लेव स्थित आरपीएम एकेडमी (RPM Academy) का वार्षिक उत्सव मंगलवार को सितारों भरी शाम में तब्दील हो गया। कार्यक्रम की चमक तब और बढ़ गई जब बॉलीवुड की मशहूर बाल कलाकार और छतरपुर की बेटी माही सोनी मंच पर पहुंचीं। अपनी मासूमियत और सधे हुए अंदाज से माही ने न केवल बच्चों का हौसला बढ़ाया, बल्कि पूरे शहर को स्वच्छता का ‘महामंत्र’ भी दिया।
मंच पर उतरीं नन्ही प्रतिभाएं, झूम उठा सदन
वार्षिक उत्सव के दौरान स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने एक से बढ़कर एक धमाकेदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। देशभक्ति के गीतों से लेकर बॉलीवुड के गानों पर बच्चों की परफॉर्मेंस ने उपस्थित जनसमूह को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। एकेडमी के इस उत्सव ने साबित कर दिया कि छतरपुर की माटी में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।
माही सोनी की अपील: “स्वच्छता ही असली खूबसूरती”
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में शामिल हुईं माही सोनी ने अपनी सफलता का श्रेय मेहनत को दिया। उन्होंने बच्चों और अभिभावकों से मुखातिब होते हुए कहा कि जिस तरह हम अपने हुनर को निखारते हैं, उसी तरह हमें अपने शहर को भी स्वच्छ रखना चाहिए। स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सबकी आदत होनी चाहिए।
दिग्गजों की मौजूदगी ने बढ़ाया मान
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व विधायक उमेश शुक्ला, भाजपा नेता जयराम चतुर्वेदी, पूर्व कुलसचिव पुष्पेंद्र पटैरिया और पूर्व सरपंच रमेश तिवारी ने दीप प्रज्वलन कर किया। अतिथियों ने मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में हरि प्रकाश खरे (दादू), डॉ. मकबूल खान, सुशील दुबे, राधेश्याम सोनी, राजेंद्र तिवारी गुरु, मोहम्मद रफीक, डॉ. दिनेश पाठक और दिनेश यादव सहित शहर की प्रबुद्ध हस्तियां और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधन ने सभी का आभार जताते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास का संकल्प दोहराया।









