[ad_1]

प्रभारी CMO ने सफाई व्यवस्था की बैठक की।
डिप्टी कलेक्टर द्वारा नगरपालिका CMO का चार्ज लेने के बाद शहर की सफाई व्यवस्था में परिवर्तन किए गए हैं। अब सुबह 6 से 9 बजे तक घरों में कचरा कलेक्शन किया जाएगा। इसके अलावा रात 8 से 11 बजे तक व्यवसायिक क्षेत्र से कचरा लेंगे।
.
वहीं सुबह 10 से 11:30 बजे तक भी व्यवसायिक क्षेत्रों से कचरा लिया जाएगा। सफाई कर्मचारी अपनी जगह किसी और से ड्यूटी नहीं करा सकेंगे। उन्हें खुद ही ड्यूटी करनी होगी। उनकी रोज हाजिरी भी की जाएगी।
बता दें कि, दो दिन पहले डिप्टी कलेक्टर मंजुषा खत्री को गुना नगरपालिका के CMO का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। चार्ज लेने के बाद उन्होंने पहले दिन अधिकारियों कर्मचारियों की बैठक की। इसके बाद गुरुवार को उन्होंने स्वच्छता टीम की बैठक ली। इसमें शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर चर्चा कर निर्णय लिए गए। इस दौरान शहर के वार्डों में वार्ड प्रभारी मैट/दरोगा उपस्थित हुए।
कचरा कलेक्शन का टाइम बदला
बैठक में यह निर्देशित किया गया कि डोर टू डोर कचरा कलेक्शन सुबह 6 बजे से 9 बजे तक किया जाएगा। बाजार एवं व्यवसायिक क्षेत्र में एक बार और रात में 8 से 11 बजे तक किया जायेगा। इसके अलावा बाजार क्षेत्र में सुबह 10 से 11:30 बजे तक भी कचरा कलेक्शन किया जाएगा। कचरा गाड़ी प्रत्येक वार्ड में प्रतिदिन जाएगी और मैट/दरोगा से समन्वय बनाकर वार्डों की गलियों में निकलने वाला कचरा कचरा गाड़ी में ही डलवाए जाने की कार्रवाई की जाएगी, इसके लिए मैट/दरोगा को जिम्मेदारी दी जाएगी। CMO ने व्यापारियों से अपील की है कि कचरा गाड़ी में ही डालें। सुबह और रात दो बार गाड़ी आएगी। दुकान के बाहर कचरा न करें।
सफाई कर्मचारी काम करते हुए नहीं दिखे
बैठक में उन्होंने कहा कि आज सुबह उन्होंने शहर का भ्रमण किया। इस दौरान सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। आज के भ्रमण में मैट/ दरोगा तो दिखाई दिए, लेकिन सफाई कर्मचारी काम करते हुए नहीं दिखे। आप लोग तो मेहनत कर रहे हैं, लेकिन आपकी मेहनत दिख नहीं रही है।
सभी मैट/ दरोगाओं से कहा कि प्रातः कालीन सफाई के दौरान मेरे पास सभी कर्मचारियों की सूची रहेगी और आपके पास हाजिरी रजिस्टर। हाजिरी चेक करने के बाद, फिर सभी कर्मचारी की हाजिरी और काम देखा जाएगा। पहले उन्होंने सफाई प्रभारियों की समस्याओं एवं सुझावों से उनके विचार जाने।
उन्होंने सभी कर्मचारियों से आव्हान करते हुए कहा कि हम एक महीने के लिए विशेष स्वच्छता अभियान चलाएंगे, जिसमें शहर के सभी प्रमुख मार्गो, डिवाइडर्स आदि की सफाई पूरी तरह कराई जाएगी, जिससे आपको आगे सफाई करने में समस्या नहीं होगी। क्योंकि एक बार पूरी तरह सफाई होने के बाद आगे सफाई कार्य करने में आपको आसानी होगी। अभियान में 50 कर्मचारियों की टीम बनाई जाएगी, जो एक माह तक शहर के विभिन्न इलाकों में सफाई करेंगे।
रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था होगी शुरू
उन्होंने कहा कि शहर में रात्रि कालीन सफाई भी प्रारंभ की जाएगी। इसमें 20 कर्मचारी लगाए जाएंगे, जो कमर्शियल क्षेत्र में नियमित सफाई करेंगे। इसकी निगरानी शहर के अलग-अलग क्षेत्रों के मैट/दरोगा प्रतिदिन करेंगे। उन्होंने बताया कि महिला कर्मचारियों को सुबह व दोपहर की सफाई व्यवस्था में नियमित रूप से उपस्थित रहना होगा। इसके लिए नगर पालिका कर्मचारियों की एक मॉनिटरिंग टीम भी रहेगी, जो मैट/ दरोगा से समन्वय बनाकर सफाई व्यवस्था पर निगरानी करेंगे ।
अस्थाई कर्मचारी नहीं रख सकेंगे प्रभारी
CMO मंजुषा खत्री ने बताया कि भविष्य में कर्मचारी अपने काम के बदले में अस्थाई रूप से कर्मचारी नहीं रख सकेंगे। जो कर्मचारी नगर पालिका से सैलरी ले रहे हैं, वही मैदान में सफाई करते दिखें। ऐसा नहीं होने पर संबंधित मैट/दरोगा की जिम्मेदारी होगी। उन्होंने कहा कि इंदौर जैसा शहर बनाने में कोई बड़ा कार्य नहीं है।
बैठक के दौरान सहायक परियोजना अधिकारी तेजसिंह यादव , सहायक यंत्री शैलेंद्र अवास्या, उप यंत्री सुनील कुमार जैन, नितिन चंदेल आदि उपस्थित रहे।
[ad_2]
Source link









