बकस्वाहा। बकस्वाहा के मध्यांचल बैंक में बीती रात किसी फिल्मी वेब सीरीज की तर्ज पर सनसनीखेज डकैती की साजिश रची गई। शातिर बदमाशों ने सुरक्षा घेरे को धता बताते हुए बैंक के भीतर प्रवेश किया और एक-एक कर सात ताले तोड़ डाले। लेकिन बैंक की अभेद्य तिजोरी चोरों के लिए लोहे के चने साबित हुई, जिसके आगे उनकी तमाम चालाकियां और आधुनिक औजार पस्त हो गए। लाखों की नकदी सुरक्षित बच गई और बदमाश खाली हाथ अंधेरे में विलीन हो गए।
छतों के रास्ते सर्जिकल स्ट्राइक, पर तिजोरी ने फेरा पानी
वारदात को अंजाम देने के लिए बदमाशों ने आसपास की छतों का रास्ता चुना और ऊपरी मंजिल का गेट काटकर अंदर दाखिल हुए। अपराधियों का दुस्साहस इतना था कि उन्होंने बैंक के सबसे संवेदनशील हिस्से (स्ट्रांग रूम) तक पहुंच बना ली। घंटों की मशक्कत और सात तालों को नेस्तनाबूद करने के बाद जब उनका सामना मुख्य तिजोरी से हुआ, तो उसके जटिल सुरक्षा तंत्र ने चोरों के पसीने छुड़ा दिए। हार मानकर बदमाश पकड़े जाने के डर से भाग निकले।
डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम ने संभाला मोर्चा
सुबह जब शाखा प्रबंधक रोहित साहू बैंक पहुंचे, तो टूटे ताले और बिखरा सामान देख सन्न रह गए। थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने तत्काल मौके पर पहुंचकर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वाड की मदद से साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाशों के हुलिए का मिलान कर रही है। हालांकि बैंक की संपत्ति सुरक्षित है, लेकिन इस दुस्साहसिक वारदात ने नगर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे।









