छतरपुर। यातायात पुलिस द्वारा आयोजित पांच दिवसीय ‘ट्रैफिक समर कैंप-2026’ का मंगलवार को पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के मुख्य आतिथ्य में समापन हुआ। बिजावर नाका स्थित यातायात थाना परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के 200 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संस्कारों में रचे-बसे ट्रैफिक नियम एसपी रजत सकलेचा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि बचपन में सीखे गए ट्रैफिक नियम भविष्य में एक जिम्मेदार नागरिक बनने की नींव रखते हैं। शिविर में बच्चों को खेल-खेल में रोड सिग्नल, सड़क पार करने के तरीके और सुरक्षित ड्राइविंग के व्यावहारिक नियम सिखाए गए। उन्होंने जोर दिया कि ऐसी गतिविधियां न केवल बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाती हैं, बल्कि सड़क संस्कृति को भी सुरक्षित बनाती हैं। साझा किए अनुभव समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से शिविर के अपने अनुभव साझा किए। यातायात प्रभारी बृहस्पति साकेत के मार्गदर्शन में संचालित इस कैंप का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और बच्चों में टीम भावना विकसित करना रहा। इस दौरान शिक्षक, समाजसेवी और पत्रकार बंधु प्रमुखता से उपस्थित रहे।