छतरपुर। जिले में गेहूं उपार्जन की व्यवस्थाओं को परखने के लिए कलेक्टर पार्थ जैसवाल बुधवार को अचानक घुवारा और भगवां केंद्रों पर पहुँचे। निरीक्षण के दौरान पनवारी केंद्र पर मानक नियमों की अनदेखी और मॉइश्चयर मीटर न मिलने पर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने मौके पर ही सर्वेयर राकेश राजपूत को हटाने और समिति प्रबंधक दरवारी लाल अहिरवार की एक वेतन वृद्धि रोकने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही बारदाने की कमी को दूर करने के लिए डीएमओ को महज 2 घंटे का अल्टीमेटम दिया। तौल में पारदर्शिता और परिवहन में तेजी के निर्देश कलेक्टर ने केंद्रों पर स्वयं अपनी मौजूदगी में तौल कराई और निर्देश दिए कि प्रति बोरी 50 किलो 200 ग्राम से अधिक वजन न लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को पेयजल और छाया जैसी मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से मिलें। खराब मौसम की आशंका को देखते हुए उन्होंने तिरपाल की पर्याप्त व्यवस्था रखने और परिवहन के लिए वाहनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए ताकि केंद्रों पर अनाज का उठाव समय पर हो सके। गुणवत्ता और पंजीयन की जांच भगवां केंद्र पर गेहूं की छनाई न होने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए प्रबंधक को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने केंद्र पर मौजूद किसानों से सीधा संवाद किया और उनके पंजीयन का फसल से मिलान कर पारदर्शी तुलाई सुनिश्चित करने को कहा। इस औचक कार्रवाई के दौरान एसडीएम बड़ामलहरा और तहसीलदार घुवारा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।