छतरपुर। श्री कृष्णा विश्वविद्यालय में भारतीय वायुसेना के दिशा एयर हेडक्वार्टर, नई दिल्ली द्वारा एक विशेष प्रेरक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस गौरवशाली अवसर पर स्क्वाड्रन लीडर राजन अरोड़ा, फ्लाइट लेफ्टिनेंट गुरजीत सिंह भुल्लर और फ्लाइंग ऑफिसर मुस्कान ने विद्यार्थियों को वायुसेना की अदम्य कार्यप्रणाली और तकनीकी शक्ति से परिचित कराया।
अधिकारियों ने AWACS (एयरबोर्न वार्निंग एंड कंट्रोल सिस्टम) और CUAS (काउंटर अनमैन्ड एरियल सिस्टम) जैसी आधुनिक तकनीकों की जानकारी देते हुए बताया कि वायुसेना केवल एक करियर नहीं, बल्कि साहस और देश सेवा का सर्वोच्च संकल्प है। विद्यार्थियों को एनडीए (NDA) और सीडीएस (CDS) जैसी प्रवेश परीक्षाओं के माध्यम से आसमानी योद्धा बनने का मार्ग सुझाया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वायुसेना की विशेष सिमुलेशन बस रही, जहाँ छात्र-छात्राओं ने आधुनिक उपकरणों और इंटरएक्टिव मॉडल्स के जरिए युद्धक अभियानों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. बृजेन्द्र सिंह गौतम ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे युवाओं में राष्ट्रभक्ति जगाने वाला बताया। कुलसचिव डॉ. दिगंत द्विवेदी सहित अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का सम्मान किया। इस सत्र ने विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान और लक्ष्य के प्रति दृढ़ता प्रदान की।









