Home एक्सक्लूसिव मिशन 2028 की तैयारी: छतरपुर में कांग्रेस ने कसी कमर; एससी विभाग...

मिशन 2028 की तैयारी: छतरपुर में कांग्रेस ने कसी कमर; एससी विभाग को अभेद्य बनाने के लिए बिछाई रणनीतिक बिसात

25
0

छतरपुर | आगामी राजनीतिक चुनौतियों और संगठन की जड़ों को गहरा करने के संकल्प के साथ छतरपुर जिला कांग्रेस कार्यालय में अनुसूचित जाति विभाग की एक उच्चस्तरीय और महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्य रूप से अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं छतरपुर-सागर प्रभारी अशोक अहिरवार ने शिरकत की, जहाँ उन्होंने कार्यकर्ताओं में नया जोश फूँकते हुए संगठन के भविष्य का रोडमैप तैयार किया।

निचले स्तर से नेतृत्व उभारने पर जोर प्रभारी अशोक अहिरवार ने बैठक को संबोधित करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि कांग्रेस अब “ड्राइंग रूम पॉलिटिक्स” से निकलकर सीधे जमीन पर उतरेगी। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए निचले स्तर (ग्रास रूट) से समर्पित और योग्य कार्यकर्ताओं को जोड़ा जा रहा है। उद्देश्य साफ है— अनुसूचित जाति वर्ग के बीच एक ऐसा मजबूत नेतृत्व खड़ा करना, जो न केवल समाज की आवाज बने, बल्कि आगामी चुनावों में विजयी प्रत्याशी के रूप में उभर सके।

जिला अध्यक्ष पद पर टिकीं निगाहें संगठन में नियुक्तियों को लेकर अशोक अहिरवार ने सख्त और पारदर्शी रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति विभाग के जिला अध्यक्ष की कुर्सी पर केवल उसी व्यक्ति की ताजपोशी होगी जो योग्य, जुझारू और संगठन के प्रति पूरी तरह समर्पित हो। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर संभावित नामों पर मंथन किया और स्पष्ट किया कि प्रदेश प्रभारी की मंशा के अनुरूप ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

दिग्गजों की मौजूदगी में बनी रणनीति जिला कांग्रेस अध्यक्ष गगन यादव की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में जिले भर के वरिष्ठ और युवा नेतृत्व का जमावड़ा रहा। बैठक में जिला संगठन प्रभारी संतोष तिवारी, आईटी सेल प्रदेश उपाध्यक्ष दीपांशु यादव, पूर्व प्रत्याशी हरप्रसाद अनुरागी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। सभी ने एक स्वर में अनुसूचित जाति वर्ग के अधिकारों की लड़ाई और कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर पहुँचाने का संकल्प लिया।

Arvind Jain Editor, Bundelkhand Samchar
Google search engine

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here