छतरपुर | छतरपुर की सिविल लाइन थाना पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का पर्दाफाश करते हुए उत्तर प्रदेश के दो शातिर अंतरराज्यीय चोरों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस ने न केवल आरोपियों को दबोचा, बल्कि उनके पास से चोरी किए गए 4 लाख रुपये की कीमत के सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस की इस त्वरित और तकनीकी कार्रवाई ने अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। चौबे कॉलोनी कांड का ‘क्लाइमेक्स’ बीते अप्रैल 2025 में एसबीएन कॉलेज के पीछे स्थित चौबे कॉलोनी में महेंद्र अरजरिया के सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया था। मामला हाई-प्रोफाइल था, इसलिए पुलिस पर दबाव और चुनौती दोनों थी।

थाना प्रभारी सतीश सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने ‘स्मार्ट पुलिसिंग’ का परिचय देते हुए घटनास्थल से तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
यूपी से जुड़े थे तार: मौदहा के शातिर निकले मास्टरमाइंड पुलिस की सघन जांच में यूपी के हमीरपुर जिले के दो संदिग्धों के नाम सामने आए। घेराबंदी कर पुलिस ने जगदीश सोनी और वीरेंद्र कुमार अनुरागी (निवासी मौदहा, यूपी) को गिरफ्तार किया। कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इनके पास से सोने के आभूषण भारी मंगलसूत्र, अंगूठी और नथ, चांदी के जेवरात, पायलों के साथ अन्य कीमती सामान, कुल बरामदगी लगभग 4 लाख रुपये मूल्य के आभूषण।
साइबर टीम और जांबाज अफसरों का कमाल इस गुत्थी को सुलझाने में सिविल लाइन पुलिस के साथ साइबर सेल की भूमिका बेहद अहम रही। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह और साइबर प्रभारी उप निरीक्षक नेहा गुर्जर की रणनीति ने यूपी के इन शातिरों को भागने का मौका नहीं दिया। टीम में शामिल उपनिरीक्षक जितेंद्र सोनी, अजय शाक्य और उनकी टीम के जांबाज सदस्यों ने दिन-रात एक कर इस सफलता को हासिल किया। अभी बाकी है खेल: दो अन्य साथियों की तलाश जारी प्रेस वार्ता के दौरान थाना प्रभारी ने बताया कि इस गिरोह में शामिल दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही पूरे गिरोह को नेस्तनाबूद कर दिया जाएगा।










