छतरपुर पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने शुक्रवार को मासिक अपराध समीक्षा बैठक के दौरान जिले की कानून-व्यवस्था का बारीकी से विश्लेषण किया। बैठक में आगामी प्रमुख आयोजनों—महाशिवरात्रि, बागेश्वर धाम के कार्यक्रम, खजुराहो डांस फेस्टिवल और रमजान—को देखते हुए सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम करने के कड़े निर्देश दिए गए।

#अपराध नियंत्रण और सुरक्षा पर जोर-
एसपी ने महिला संबंधी अपराधों और गंभीर शिकायतों के त्वरित निराकरण पर बल दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की उपस्थिति बढ़ाई जाए और ‘चक्षु अभियान’ के तहत अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं। अपराधियों पर नकेल कसने के लिए गुंडा-निगरानी बदमाशों की सतत निगरानी और नियमित रात्रि व प्रभात गश्त सुनिश्चित करने को कहा गया।

#सकारात्मक परिणाम और नवाचार
बैठक में उत्साहजनक आंकड़े सामने आए कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष सड़क दुर्घटनाओं और मृत्यु दर में लगभग 50% की कमी दर्ज की गई है, जिसकी एसपी ने सराहना की। इसके साथ ही ‘समर्थ अभियान’ के जरिए पुलिसकर्मियों को साइबर और सीसीटीएनएस (CCTNS) का निरंतर प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए।

#अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले ने अन्य जिलों से आए कैदियों की जानकारी अपडेट करने और ड्रग्स के विरुद्ध ‘ड्रग्स इंस्पेक्टर’ के साथ समन्वय बनाकर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बैठक में सभी थाना प्रभारियों को बैंक, एटीएम और सराफा बाजारों में विशेष सतर्कता बरतने तथा जनता से मधुर व्यवहार करने की हिदायत दी गई।










