छतरपुर। जिला जेल में रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में शुक्रवार को बंदियों के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 450 बंदियों और जेल स्टाफ को राखी बांधी गई। इस आयोजन ने न केवल भाई-बहन के प्रेम को जीवंत किया, बल्कि बंदियों को नशा छोडऩे का संदेश भी दिया।
श्री योग वेदान्त सेवा समिति छतरपुर के महिला उत्थान मंडल द्वारा जिला जेल में रक्षाबंधन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जेल अधीक्षक दिलीप सिंह ने रक्षाबंधन के महत्व को रेखांकित करते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया और बंदियों को उनकी बहनों से दूर होने के बावजूद इस पर्व का आनंद लेने का अवसर प्रदान किया। समिति की ओर से 450 बंदियों और जेल स्टाफ को राखियां बांधी गईं, साथ ही सभी को मिठाइयां खिलाकर उत्सव की खुशी बांटी गई। राखी के उपहार के रूप में बंदियों से नशा त्याग करने का संकल्प लिया गया, ताकि वे बेहतर जीवन की ओर कदम बढ़ा सकें। कार्यक्रम में योग वेदान्त सेवा समिति से मनीश अग्रवाल, राधा तिवारी, जुगल भाई सहित अन्य सदस्य और जेल स्टाफ मौजूद रहे। जेल शिक्षक उवेश कुमार ने कार्यक्रम का संचालन किया, जिसने सभी के बीच स्नेह और भाईचारे का माहौल बनाया।








