छतरपुर | छतरपुर जिला अब केवल ऐतिहासिक धरोहरों के लिए ही नहीं, बल्कि आधुनिक पुलिसिंग के लिए भी जाना जाएगा। शुक्रवार को यातायात थाना परिसर में बहुप्रतीक्षित ‘ट्रैफिक पार्क’ का भव्य शुभारंभ हुआ। आईजी हिमानी खन्ना और विधायक ललिता यादव ने रिबन काटकर इस अनूठे पार्क को जनता को समर्पित किया। यह पार्क न केवल मनोरंजन का केंद्र बनेगा, बल्कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए एक ‘संस्कार केंद्र’ के रूप में उभरेगा।


एसपी अगम जैन और ट्रैफिक प्रभारी बृहस्पति साकेत की “रचनात्मक टीमवर्क” को सलाम
इस पार्क का अस्तित्व में आना एसपी अगम जैन की दूरगामी सोच और यातायात प्रभारी बृहस्पति साकेत की कड़ी मेहनत का परिणाम है। अक्सर पुलिस की छवि केवल चालान काटने तक सीमित होती है, लेकिन इन अधिकारियों ने साबित कर दिया कि “बदलाव डंडे से नहीं, शिक्षा और जागरूकता से आता है।” उनकी इस सराहनीय पहल की पूरे प्रदेश में चर्चा हो रही है, जिसने छतरपुर को बड़े महानगरों की कतार में ला खड़ा किया है।

आईजी की बच्चों से भावुक अपील: “आप बनें घर के सुरक्षा प्रहरी”
मुख्य अतिथि आईजी हिमानी खन्ना ने बच्चों से सीधा संवाद करते हुए एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने कहा, “बच्चे ठान लें कि जब भी घर से पिता या भाई वाहन लेकर निकलें, तो वे बिना हेलमेट उन्हें बाहर न जाने दें।” आईजी ने एसपी छतरपुर के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे पार्क ही भावी पीढ़ी को जिम्मेदार नागरिक बनाएंगे।

विधायक ललिता यादव ने मंच से लिया संकल्प
कार्यक्रम में विधायक ललिता यादव ने यातायात प्रभारी के रचनात्मक कार्यों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने एक जागरूक नागरिक का परिचय देते हुए आईजी के समक्ष संकल्प लिया कि वे अब से अपने वाहन में हमेशा सीट बेल्ट लगाकर चलेंगी। उनकी इस घोषणा ने कार्यक्रम में मौजूद हर नागरिक को नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया।

मददगारों और रचनाकारों का हुआ सम्मान
समारोह में उन चेहरों को भी नवाजा गया जो समाज की रीढ़ हैं – राहवीर योजना के तहत सड़क हादसे में घायलों की जान बचाने वाले तीन युवाओं को सम्मानित किया गया। दीवारों पर सुरक्षा के रंग उकेरने वाले छात्रों और हेलमेट बैंक में सहयोग देने वाले व्यापारियों का सम्मान हुआ। वहीं सकूर चच्चा को यातायात नियमों के निरंतर प्रचार के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस गौरवशाली पल के साक्षी डीआईजी विजय कुमार खत्री, पन्ना एसपी निवेदिता नायडू, नपा अध्यक्ष ज्योति चौरसिया, एएसपी आदित्य पटले सहित शहर के सभी थाना प्रभारी और गणमान्य नागरिक रहे।










