[ad_1]
सागर के बंडा में एक्सीडेंट में घायल हुए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और परिचितों की भीड़ जमा हो गई। घटना के विरोध में रविवार दोपहर नेशनल हाईवे-86 सागर-छतरपुर रोड पर परिजन ने चक्काजाम कर दिया।
.
वे सड़क पर शव रखकर बैठ गए। चक्काजाम कर रहे लोग मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता की मांग कर रहे थे। चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर लोगों को शांत कराया।
तहसीलदार महेंद्र चौहान और बंडा थाना प्रभारी उपमा सिंह ने परिजन को आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। अंत्येष्टि सहायता राशि 5 हजार रुपए तत्काल परिवार को दिलाई। जिसके बाद परिवार वालों ने चक्काजाम खत्म किया और शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए रवाना हुए। इस दौरान करीब एक घंटे तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही।
सड़क दुर्घटना में घायल हुआ था मृतक
दरअसल, शनिवार को लोकेंद्र अहिरवार उम्र 18 साल निवासी वार्ड क्रमांक 15 बंडा को भारी वाहन ने टक्कर मार दी थी। घटना में लोकेंद्र गंभीर घायल हुआ था। जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान अस्पताल में लोकेंद्र की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया। शव परिवार वालों को सौंप दिया। परिवार वाले शव लेकर बंडा पहुंचे और विरोध में स्वास्थ्य केंद्र बंडा के पास सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया।

चक्काजाम कर रहे लोगों को समझाइश देते अधिकारी।
बंडा तहसीलदार महेंद्र चौहान ने बताया कि आर्थिक सहायता की मांग को लेकर मृतक के परिजन चक्काजाम कर रहे थे। उन्हें नियमानुसार सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया गया है। अंत्येष्टी सहायता राशि दी गई है। जिसके बाद उन्होंने चक्काजाम खत्म कर दिया।
[ad_2]
Source link









