[ad_1]
- Hindi News
- Local
- Mp
- Burhanpur
- The Roads Had Become Ponds, Meanwhile Jan Ashirwad Yatra Set Out To Seek Blessings From The People, People Said If The Minister Knows How Many Potholes There Are Here,

बुरहानपुर में जन से आशीर्वाद पाने के लिए निकली भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा देर रात करीब 11 बजे तक तेज बारिश में भी निकलती रही। यह यात्रा जब इतवारा, बुधवारा रोड से गणपति नाका की ओर जा रही थी तब तेज बारिश होने के कारण सड़कों पर घुटनों तक पानी जमा हो गया। सड़कें तालाब बन गईं। कुछ कार्यकर्ता पैदल चले जबकि भाजपा नेता रथ और अपने अन्य वाहनों में थे। इस दौरान स्थानीय अलग अलग नेताओं ने शक्ति प्रदर्शन भी किया।
स्थानीय लोगों ने कहा कि इस मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश के कारण हर साल यहां घुटनों तक पानी भर जाता है। यात्रा निकली तब भी पानी जमा हो गया था। क्षेत्रीय रहवासियों ने यह भी कहा कि मंत्री जी को मालूम तो पड़े कि यहां कितने बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। लोग इसमें गिर जाते हैं। नालों की सफाई नहीं होती। हालांकि मंत्री तुलसीराम सिलावट पहले ही शिकारपुरा से वापस चले गए थे।

शक्ति प्रदर्शन का माध्यम बनी जन आशीर्वाद यात्रा
जन आशीर्वाद यात्रा भाजपा नेताओं के शक्ति प्रदर्शन का माध्यम भी बनी। शाम को जन आशीर्वाद यात्रा दर्यापुर से शिकारपुरा थाना पहुंची। यहां भाजपा समर्थकों के बीच जमकर नारेबाजी हुई। काफी देर तक नेताओं के समर्थक अपने-अपने नेताओं के समर्थन में नारे लगाते रहे। जाम की स्थिति भी बनी, क्योंकि नेताओं के वाहन आमने-सामने थे। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट दर्यापुर से शिकारपुरा तक यात्रा के साथ पहुंचे थे। इसके बाद वह शिकारपुरा से वापस भोपाल के लिए रवाना हो गए। स्थानीय नेता यहां से शहर में रथ में घूमे। देर रात तक यात्रा निकाली गई।

खकनार से शुरू हुई थी जन आशीर्वाद यात्रा
भारतीय जनता पार्टी की जन आशीर्वाद यात्रा शुक्रवार सुबह 11.30 बजे खकनार से शुरू हुई थी। यात्रा में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय शामिल होने वाले थे, लेकिन उनका दौरा अचानक निरस्त हो गया। उनके स्थान पर जल संसाधन, मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विकास विभाग मंत्री तुलसीराम सिलावट शामिल हुए।
यात्रा के संभाग सह प्रभारी और इंदौर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष जयपालसिंह चावड़ा, पूर्व मंत्री अर्चना चिटनीस, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, महापौर माधुरी अतुल पटेल, पूर्व महापौर अतुल पटेल, पूर्व महापौर अनिल भोंसले, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज लधवे सहित अन्य नेता इस यात्रा में शामिल हुए।

2 विधानसभाओं में घूमी जन आशीर्वाद यात्रा
नेपानगर विधानसभा के खकनार से निकली यात्रा धाबा, कारखेड़ा, डोईफोड़िया, सिरपुर, बड़गांव, शाहपुर बैरियर होते हुए बुरहानपुर विधानसभा में पहुंची। शहर में शिकारपुरा गेट से यात्रा महाजनापेठ, तिलक चौराहा, पांडुमल चौराहा, बाई साहब की हवेली, फव्वारा चौक, गांधी चौक, सुभाष चौक, इकबाल चौक, ढोलीवाड़ा, बुधवारा, सिंधीपुरा, आलमगंज से देर रात 11 बजे गणपति नाका पहुंची जबकि जबकि यात्रा का समापन शाम 6 बजे निंबोला से होते हुए असीरगढ़ में होने वाला था।
महाजनापेठ में शरारती तत्वों ने फाड़े पोस्टर
जन आशीर्वाद यात्रा निकलने से पहले महाजनापेठ में गुरुवार रात शरारती तत्वों ने जन आशीर्वाद यात्रा के पोस्टर फाड़ दिए। इसे लेकर भाजपा नेताओं ने पुलिस को शिकायत की। शिकायत पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखकर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया। मामले की जांच जारी है। इस मामले में पुलिस ने खासी तत्परता दिखाई। पुलिस की तत्परता से जन आशीर्वाद यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से निकल गई।
[ad_2]
Source link









