छतरपुर। क्षेत्रीय विकास के प्रति संकल्पित विधायक श्रीमती ललिता यादव ने आज भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने न केवल पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की शानदार चुनावी जीत पर मुख्यमंत्री को बधाई दी, बल्कि छतरपुर के भविष्य से जुड़ी कई बड़ी विकास योजनाओं का रोडमैप भी उनके समक्ष रखा।
विधायक ने मुख्यमंत्री को सौंपे मांग पत्र में छतरपुर मेडिकल कॉलेज में जल्द डीन की नियुक्ति के साथ ही विधानसभा के उन लंबित प्रोजेक्ट्स पर जोर दिया, जो क्षेत्र की तस्वीर बदल सकते हैं। ललिता यादव की सक्रियता का ही परिणाम रहा कि मुख्यमंत्री ने तत्काल अपने ओएसडी अजातशत्रु श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों में गति लाने के कड़े निर्देश जारी किए।
इन प्रमुख मांगों पर टिकी हैं क्षेत्र की निगाहें:
ललिता यादव ने छतरपुर की प्रगति के लिए जो प्रस्ताव रखे हैं, उनमें नगर पालिका को नगर निगम का दर्जा दिलाना, भव्य श्री कृष्ण धाम के लिए ऑडिटोरियम का निर्माण और खिलाड़ियों के लिए मल्टीपर्पज स्टेडियम प्रमुख हैं। साथ ही, बगोता में बागेश्वरी गौशाला, नवीन सर्किट हाउस और उर्मिल नदी पर बनगांय-झिलमिल मार्ग पर पुल निर्माण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल हैं।
पुनर्घनत्वीकरण योजना के तहत होमगार्ड परिसर और वेयर हाउस लॉजिस्टिक कार्पोरेशन के आधुनिक विकास के प्रस्तावों पर भी मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाया है। विधायक की इस सशक्त पैरवी से उम्मीद जगी है कि छतरपुर के ये बड़े प्रोजेक्ट्स अब कागजों से निकलकर जल्द ही धरातल पर नजर आएंगे।









