Home डेली न्यूज़ बारातियों से भरी बस पलटी, दो दर्जन यात्री हुए घायल

बारातियों से भरी बस पलटी, दो दर्जन यात्री हुए घायल

81
0

महाराजपुर। थाना क्षेत्र अंतर्गत पुर तिगैला के समीप शनिवार की दोपहर बारातियों से भरी एक बस अचानक रास्ते में आए बाईक चालक को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसा इतना खतरनाक था कि खाई में गिरते ही बस उल्टी हो गई और इसमें मौजूद लगभग दो दर्जन यात्री बुरी तरह जख्मी हुए जिनमें से एक ने दम तोड़ दिया। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से स्थानीय अस्पताल भेजा गया, जहां से गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक लवकुशनगर थाना क्षेत्र के ग्राम रेखा सुमेड़ी से बंशकार समाज की बारात गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम पिड़पा आई थी। बारात में शामिल लोग बस क्रमांक एमपी 35 जी 0154 में सवार होकर शनिवार को वापिस अपने गांव रेखा सुमेड़ी लौट रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 1 बजे पुर तिगैला के समीप बस के चालक ने एक बाईक चालक को बचाने के प्रयास किया जिसके कारण बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। घटना के बाद बस में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई थी। राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से महाराजपुर के अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बताया गया है कि दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हैं। मृतक का नाम महेश्वरी बसोर निवासी ग्राम गुरमहिरिया है। वहीं घायलों में राकेश बसोर 40 वर्ष, राजेश कुमार 28 वर्ष, अशोक 23 वर्ष, दीनदयाल 42 वर्ष, भवानीदीन 37 वर्ष, अतुल 10 वर्ष, मिजाजी 50 वर्ष, शिवम उम्र 5 वर्ष सहित एक दर्जन से ज्यादा लोग शामिल हैं। घटना के वक्त बस में करीब 60 लोग सवार थे।दूल्हे के चाचा संजू बसोर और भाई अजय बसोर ने बताया कि सुबह से ही बस का चालक बारातियों से बार-बार जल्दी चलने के लिए कह रहा था जिसको लेकर कुछ लोगों से उसकी कहा-सुनी हो गई थी। चूंकि बस का चालक तेज रफ्तार में बस दौड़ा रहा था इसलिए यात्रियों ने उससे रफ्तार कम  करने के लिए भी कहा लेकिन चालक ने किसी की बात नहीं सुनी और इसके बाद बस खाई में गिर गई। दुर्घटनाग्रस्त बस पंकज सिंह पुत्र पदम सिंह निवासी ज्योराहा के नाम पर छतरपुर आरटीओ में रजिस्टर्ड है। दुर्घटना के बाद से ही बस का चालक फरार है।

Arvind Jain Editor, Bundelkhand Samchar
Google search engine

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here