Home एक्सक्लूसिव भाई-बहन के स्नेह का पर्व रक्षाबंधन आज: शुभ योग में बंधेगी राखी;...

भाई-बहन के स्नेह का पर्व रक्षाबंधन आज: शुभ योग में बंधेगी राखी; भद्रा मुक्त पूर्णिमा और सौभाग्य योग में पूरे दिन बांधी जा सकेंगी राखियां

84
0

छतरपुर। रक्षाबंधन का पावन पर्व आज श्रावण मास की पूर्णिमा को पूरे उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस बार कई वर्षों बाद बन रहे शुभ संयोग के साथ भाई-बहन के प्रेम और रक्षा के बंधन को और मजबूत करने का अवसर मिलेगा। वैदिक जानकारों के अनुसार, भद्रा का साया न होने से सुबह सूर्योदय से पूरे दिन राखी बांधी जा सकेगी।
पंडित सौरभ तिवारी ने बताया कि रक्षाबंधन के लिए इस बार विशेष शुभ संयोग बन रहा है। श्रावण मास की पूर्णिमा तिथि 8 अगस्त को दोपहर 2:12 बजे से शुरू होकर 9 अगस्त को दोपहर 1:26 बजे तक रहेगी। इस दौरान श्रवण नक्षत्र, सौभाग्य योग और वव करण का संयोग रहेगा। भद्रा का प्रभाव 8 अगस्त की रात 1:30 बजे तक समाप्त हो जाएगा, जिसके बाद 9 अगस्त को सूर्योदय से राखी बांधना शुरू हो सकेगा और पूरे दिन यह कार्य किया जा सकेगा। राहुकाल सुबह 9:05 से 10:45 बजे तक रहेगा, जिसे टालने की सलाह दी गई है, जबकि दोपहर 12:00 से 12:53 तक अभिजीत मुहूर्त रहेगा, जो राखी बांधने के लिए सबसे शुभ समय माना गया है। उन्होंने ने बताया कि कई वर्षों बाद ऐसा शुभ संयोग बना है, जिसमें कोई ग्रह दोष या भद्रा का प्रभाव नहीं है। रक्षाबंधन के साथ ही श्रावणी पर्व भी मनाया जाएगा, जिसमें यज्ञोपवीत धारण करने वालों द्वारा पूजन किया जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह पर्व केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं है, बल्कि यह वासुदेव कुटुंबकम की भावना को दर्शाता है। इस अवसर पर सभी को संकल्प लेना चाहिए कि वे अपने आसपास के जरूरतमंद और वंचित लोगों की मदद और रक्षा करेंगे। यह संकल्प रक्षाबंधन के पर्व को और अधिक अर्थपूर्ण बनाएगा।
बाजार में दिखी रौनक, आकर्षक राखियों और मिठाइयों की बहार
नोट: इस समाचार के साथ फोटो क्रमांक 03 लगाएं।
छतरपुर शहर के बाजार में रक्षाबंधन को लेकर रौनक छाई है। राखियों और मिठाईयों की दुकानों ने आकर्षक सजावट के साथ ग्राहकों को लुभाने का पूरा इंतजाम किया है। दुकानों पर रंग-बिरंगी राखियों के अलावा चमकीले धागों, मोतियों, स्टोन्स और कार्टून-थीम वाली राखियां भी उपलब्ध हैं। शहर के मुख्य बाजार सहित सटई रोड, महोबा रोड और छत्रसाल चौराहे के आसपास की दुकानों पर शुक्रवार को बहनों की भीड़ दिखाई दी, जो राखियां और पूजा सामग्री खरीद रहीं थीं। वहीं, मिष्ठान दुकानों पर भी खासी भीड़ दिखाई दी। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि इस बार राखियों में इको-फ्रेंडली और हैंडमेड डिजाइनों की मांग अधिक है, जबकि मिठाइयों में शुगर-फ्री और ऑर्गेनिक विकल्प भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग खरीदारी के लिए उमड़ रहे हैं, जिससे बाजारों में चहल-पहल और उत्साह का माहौल है। दुकानदारों का कहना है कि आज रक्षाबंधन के दिन खरीदारी और तेज होने की उम्मीद है, जिससे बाजारों की रौनक और बढ़ेगी।

Arvind Jain Editor, Bundelkhand Samchar
Google search engine

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here