[ad_1]

सतना जिले में सड़क विकास को नई गति मिली है। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने शनिवार को सतना में 146 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली दो प्रमुख सड़कों और तीन पुलों का भूमिपूजन किया।
.
मंत्री ने 59.48 करोड़ रुपए की लागत से सतना-मैहर बायपास के फोरलेन उन्नयन कार्य का शुभारंभ किया। यह बायपास मैहर-नागौद लिंक रोड तक 8.50 किलोमीटर लंबा होगा। इसके साथ ही मझगवां में 86.70 करोड़ रुपए की लागत से 8 किलोमीटर लंबे मझगवां-पटना-पहाड़ीखेरा मार्ग का भी भूमिपूजन किया गया।
इस मौके पर तीन उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण की भी शुरुआत की गई। खम्हरिया-टिकुरी-अकौना मार्ग पर 5.12 करोड़ रुपए की लागत से 120 मीटर लंबा पुल, बरदाडीह से मैनपुरा मार्ग पर 7.88 करोड़ रुपए की लागत से 100 मीटर लंबा पुल और खोहर से लौलाछ मार्ग पर 9.90 करोड़ रुपए की लागत से 125 मीटर लंबा पुल का निर्माण किया जाएगा।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी और सांसद गणेश सिंह भी उपस्थित रहे। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास का प्रमुख मापदंड होती हैं। इन परियोजनाओं से सतना जिले का समग्र विकास होगा।
‘गुणवत्तापूर्ण और जनहित के काम होंगे सुनिश्चित’
सतना प्रवास पर आए लोक निर्माण मंत्री ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार विकास के कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि चूंकि डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार में मैं भी मंत्री हूं, उस नाते विकास के कार्य में मेरा भी योगदान है। प्रदेश का संपूर्ण विकास हो रहा है। लगभग नौ सौ करोड़ के काम चल रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह उनकी जिम्मेदारी है कि जो भी काम हो रहे हैं वह गुणवत्तापूर्ण और जनहित में हों।
सांसद ने मांगी एक और फोरलेन
सतना प्रवास पर पहुंचे लोकनिर्माण मंत्री से सांसद गणेश सिंह ने एक और फोरलेन की मांग रखी। उन्होंने कहा कि सतना स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में है, जहां विकास के कई कार्य चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब मैहर बायपास के बीच का ब्रिज बनेगा। आउटर हिस्से में माधवगढ़ बैरिहा, सिजहटा होते हुए एक और फोरलेन की जरूरत है।
[ad_2]
Source link









