घुवारा/छतरपुर। जिला कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने तहसील कार्यालय घुवारा का औचक निरीक्षण कर राजस्व अमले की सुस्ती पर कड़ा प्रहार किया है। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार कोर्ट के रिकॉर्ड खंगालते हुए कलेक्टर ने नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन के लंबित प्रकरणों पर सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने दोटूक लहजे में कहा कि जनता को चक्कर लगवाना बंद करें और निर्धारित समय सीमा में न्याय सुनिश्चित करें।
आदेश का अमल न हुआ तो होगी कार्रवाई
कलेक्टर ने तहसीलदार को नियमित कोर्ट पेशी लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए केवल लोक सेवा केंद्र के माध्यम से ही आवेदन स्वीकार किए जाएं। उन्होंने एसडीएम और तहसीलदार को स्पष्ट आदेश दिए कि यदि पटवारी आदेशों के अमल में लापरवाही बरतते हैं, तो उनके खिलाफ तत्काल कड़ी दंडात्मक कार्रवाई प्रस्तावित करें।
अधोसंरचना में सुधार और जनसुनवाई
मौके पर मौजूद आवेदकों की शिकायतों को सुनकर कलेक्टर ने मृत्यु प्रमाण पत्र और सीमांकन जैसे मामलों का तुरंत समाधान करने को कहा। साथ ही तहसील कार्यालय की जर्जर अधोसंरचना को सुधारने के निर्देश भी दिए। इस दौरान एसडीएम अखिल राठौर और तहसीलदार आदित्य सोनकिया मौजूद रहे।









