छतरपुर। थाना सिविल लाइन पुलिस ने सिंचाई कॉलोनी निवासी महिला कोमल यादव की हत्या के मामले को मात्र 24 घंटे के अंदर सुलझा दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी मृतका के पति दशरथ यादव सहित कुल चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री भी बरामद की गई है।
गुरूवार को पुलिस कांफ्रेंस हॉल में घटना का खुलासा करते करते हुए पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने बताया कि सिंचाई कॉलोनी में रहने वाली कोमल यादव की मृत्यु की सूचना मिलने पर थाना सिविल लाइन में मर्ग दर्ज किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला दबाकर हत्या होना सामने आया, जिसके बाद भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या का मुकदमा पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए संदिग्धों से पूछताछ शुरू की। एकत्रित साक्ष्यों और सूचनाओं के आधार पर पता चला कि पारिवारिक कलह के कारण मृतका के पति दशरथ यादव ने योजनाबद्ध तरीके से अपने साथियों को प्लाट का लालच देकर पत्नी की हत्या करवाई। दशरथ यादव पूर्व में मारपीट और एससी-एसटी एक्ट के मामलों में लिप्त रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों में मृतका का पति दशरथ यादव पुत्र रतिराम यादव निवासी सिंचाई कॉलोनी छतरपुर, अर्जुन श्रीवास पुत्र नंदू श्रीवास निवासी ग्राम बसारी, आशीष विश्वकर्मा पुत्र देशराज निवासी ग्राम दौनी, आरती पत्नी आशीष विश्वकर्मा निवासी ग्राम दौनी तीनों हाल निवासी टीपी नगर छतरपुर शामिल हैं।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह, उप निरीक्षक जितेंद्र सोनी, साइबर प्रभारी उप निरीक्षक नेहा गुर्जर, सहायक उप निरीक्षक मदन मोहन दुबे, प्रधान आरक्षक राजीव मिश्रा, वीरेंद्र, आरक्षक धीरेंद्र सिंह शामिल हैं।









