Home एक्सक्लूसिव बड़ामलहरा की बेटी का ‘महा-विजय’: करीना ने संभाग में गाड़ा सफलता का...

बड़ामलहरा की बेटी का ‘महा-विजय’: करीना ने संभाग में गाड़ा सफलता का झंडा, अब भोपाल में गूँजेगी छतरपुर की आवाज़!

117
0

लालू रैकवार/भगवां/बड़ामलहरा | छतरपुर जिले के छोटे से अंचल से निकलकर सागर संभाग के शिखर तक पहुँचना किसी तपस्या से कम नहीं है। शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़ामलहरा की मेधावी छात्रा करीना अहिरवार ने यह कीर्तिमान स्थापित कर दिखाया है। सागर में आयोजित ‘संभाग स्तरीय विज्ञान एवं पर्यावरण संगोष्ठी’ में करीना ने प्रथम स्थान प्राप्त कर यह सिद्ध कर दिया है कि प्रतिभा संसाधनों की नहीं, बल्कि दृढ़ संकल्प की मोहताज होती है।


प्लास्टिक प्रदूषण पर ‘करीना’ का प्रहार: निर्णायक भी रह गए दंग
संगोष्ठी का विषय ‘प्लास्टिक प्रदूषण के समाधान’ था, जिस पर करीना ने अपनी तार्किक शक्ति और आत्मविश्वास से भरपूर प्रस्तुति दी। उन्होंने न केवल प्लास्टिक के खतरों को गिनाया, बल्कि उनके व्यावहारिक विकल्पों और जनभागीदारी के ऐसे मॉडल पेश किए कि निर्णायक मंडल मंत्रमुग्ध हो गया। जिला स्तर पर अव्वल आने के बाद, अब संभाग की ‘सिरमौर’ बनकर करीना ने समूचे जिले का मस्तक गर्व से ऊँचा कर दिया है।
अब भोपाल में होगा ‘सागर संभाग’ का नेतृत्व
इस जीत के साथ ही करीना का चयन प्रदेश स्तरीय संगोष्ठी (भोपाल) के लिए हो गया है। अब बड़ामलहरा की यह बेटी भोपाल के मंच पर पूरे सागर संभाग का प्रतिनिधित्व करेगी। यह उपलब्धि केवल एक छात्रा की जीत नहीं है, बल्कि सरकारी स्कूलों में निखरती ग्रामीण प्रतिभाओं और नवाचारी शिक्षा प्रणाली की भी जीत है।
गुरुजनों और क्षेत्र में हर्ष की लहर
करीना की इस ऐतिहासिक सफलता पर विद्यालय के प्राचार्य विनोद कुमार तिवारी, प्रधानाध्यापक भरत असाटी एवं समस्त शिक्षक परिवार ने हर्ष व्यक्त किया है। शिक्षकों का कहना है कि करीना जैसी बेटियां समाज के लिए रोल मॉडल हैं, जो शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण जैसे गंभीर सामाजिक विषयों के प्रति भी सजग हैं।

Google search engine
Arvind Jain Editor, Bundelkhand Samchar
Google search engine

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here