Lord Ram’s procession taken out in the city | शहर में निकाली गई भगवान राम की बारात: पंजाबी कृष्ण मंदिर में हुआ सीता-राम का विवाह, जगह-जगह हुआ स्वागत – Betul News

बैतूल के गंज इलाके में रविवार रात भगवान श्रीराम की भव्य बारात निकाली गई। जिसका जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। श्री कृष्ण पंजाब सेवा समिति ने इसका आयोजन किया था। यह राम बारात यहां आयोजित रामलीला का हिस्सा था।
.
बारात में भगवान राम का रूप धारण किए कलाकार बग्घी पर सवार होकर जब बारात लेकर निकले तो हर कोई उनकी एक झलक पाने के लिए उत्साहित दिखा। शिवजी का धनुष तोड़ने के बाद भगवान राम दूल्हा बने और सीता माता से विवाह करने जनकपुरी पहुंचे। बाराती के रूप में आयोजन समिति के पदाधिकारी और श्रद्धालु बड़ी तादाद में इस बारात में शामिल हुए।
विवाह और कलेवा की रस्म हुई रामलीला के पांचवें दिन श्रीराम विवाह और राम कलेवा की रस्में धूमधाम से सम्पन्न हुईं। इस अवसर पर आयोध्यापुरी (पंजाबी कृष्ण मंदिर) से श्रीराम की भव्य बारात निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं को भी सीधे तौर पर बाराती बनने का मौका मिला। इससे पहले, पंजाबी कृष्ण मंदिर परिसर में दोपहर के समय भंडारे का आयोजन किया गया। शाम को राम बारात धूमधाम से निकाली गई।
दूल्हा बने भगवान श्रीराम रथ में सवार थे और उनके साथ लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और गुरु वशिष्ठ भी शामिल थे। बारातियों के रूप में श्री कृष्ण पंजाब सेवा समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और नगरवासी मौजूद थे। बैंड-बाजे की धुन पर बाराती झूमते हुए आगे बढ़े, जबकि युवा और बच्चे गरबा और डांडिया करते हुए आकर्षण का केंद्र बने। बारात को देखने के लिए सड़कों और घरों के सामने बड़ी संख्या में लोग उमड़े और भगवान राम की मोहक छवि को निहारते रहे।
बारात का पूरे मार्ग पर जगह-जगह पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया। जब रामजी की बारात जनकपुरी (माता मंदिर पेट्रोल पंप) पहुंची, तो वहां के निवासियों और समिति पदाधिकारियों ने बारातियों का आत्मीय स्वागत किया। प्रभु श्रीराम और माता सीता का विधि-विधान के साथ विवाह सम्पन्न कराया गया, जिसमें विवाह की सभी रस्में पूरी की गईं। विवाह के बाद बारात वापस रामलीला मंच पर लौटी, जहां पारंपरिक विवाह रस्मों का मंचन किया गया।

Source link