छतरपुर | सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के हमा गांव में बीती रात असामाजिक तत्वों ने सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कायराना कोशिश की है। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की प्रतिमा को खंडित किए जाने की खबर जैसे ही फैली, पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया। रविवार दोपहर न्याय की मांग को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने कोतवाली का घेराव कर जमकर नारेबाजी की।
रात में दी गालियां, सुबह मिली खंडित प्रतिमा ग्रामीणों का गुस्सा इस बात पर है कि घटना के पीछे गांव के ही एक रसूखदार जितेन्द्र यादव का हाथ होने का संदेह है। आरोप है कि शनिवार की रात आरोपी ने न केवल प्रतिमा को नुकसान पहुँचाया, बल्कि दलित मोहल्ले में जाकर सरेआम गाली-गलौज और अभद्रता भी की। भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष संतोष रैदास ने पुलिस की सुस्ती पर सवाल उठाते हुए कहा कि घटना के 24 घंटे बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहा है, जो प्रशासन की विफलता है।
प्रशासन को अल्टीमेटम: ‘न्याय नहीं तो एसपी दफ्तर पर होगा चक्काजाम’
कोतवाली परिसर में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने दो-टूक लहजे में चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे नहीं भेजा गया, तो वे चुप नहीं बैठेंगे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर समय रहते कठोर कार्यवाही नहीं हुई, तो वे एसपी कार्यालय के समक्ष उग्र धरना-प्रदर्शन और चक्काजाम करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
पुलिस का आश्वासन: जांच जारी है मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद दांगी ने मोर्चा संभाला और प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और निष्पक्ष जांच के बाद दोषियों पर ऐसी कार्यवाही की जाएगी जो एक मिसाल बनेगी। फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।










