Mp Weather Today:दिन का तापमान 38.5 डिग्री तक पहुंचा, कई इलाकों में बारिश-वज्रपात की चेतावनी – Mp Madhya Pradesh Weather Update Today: Day Temperature Reaches 38.5 Degrees

मौसम
– फोटो : self
विस्तार
मध्यप्रदेश में इन दिनों गर्मी से थोड़ी राहत है। तापमान बढ़ने का सिलसिला रुका हुआ है। हालांकि दिन का पारा 38 डिग्री के ऊपर पहुंच गया है। हवाओं का रुख भी दक्षिण-पूर्वी बना हुआ है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है। जिससे पश्चिमी मध्य प्रदेश के अधिकतर शहरों में बादल छा गए हैं। 6 जिलों में विभाग ने बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट भी जारी किया है। वहीं संभावना जताई जा रही है कि 48 घंटों बाद तापमान में गिरावट होगी। होली के बाद तापमान में उछाल भी आएगा।
मौसम केंद्र की रिपोर्ट कह रही है कि बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों के जिलों में मौसम शुष्क रहा। अधिकतम तापमान में भी विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। भोपाल, उज्जैन, रीवा, शहडोल, सागर, ग्वालियर सभागों के जिलों में सामान्य से अधिक रहे। प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 38 से पार चला गया है। रात के तापमान में भी विशेष बदलाव नहीं हुआ। अगले 24 घंटों का पूर्वानुमान कहता है कि ग्वालियर, चंबल संभागों के जिलों में, रायसेन, अलीराजपुर, मंदसौर, नीमच जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है कि ग्वालियर, चंबल संभागों के जिलों में, रायसेन, अलीराजपुर, मंदसौर, नीमच जिलों में कहीं-कहीं बिजली गिरने की आशंका है। वहीं बताया जा रहा है कि 48 घंटों के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट हो सकती है।
राजगढ़ में दिन सबसे गर्म तो सागर में रात
मौसम विभाग के आंकड़ों की बात करें तो तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं रहा। दिन का पारा 38 डिग्री के पार चला गया है। प्रदेश में सबसे गर्म राजगढ़ रहा। राजगढ़ में 38.5, दमोह में 37, खरगोन में 36.8, मंडला में 36.6, खंडवा में 36.5, रतलाम-खजुराहो-सागर में 36.2, टीकमगढ़ में 36, उज्जैन-गुना में 35.8, धार में 35.7, नर्मदापुरम में 35.5, उमरिया में 35.3 डिग्री अधिकतम तापमान रहा। वहीं न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव देखने को नहीं मिला। प्रदेश में सबसे गर्म रात सागर की रही। सागर में 21.4, इंदौर में 20.8, नर्मदापुरम में 20.4, बैतूल में 18.2, भोपाल-सीधी-राजगढ़ में 18 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा।
बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अलग-अलग स्थानों पर बने दो सिस्टम के कारण अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी आना शुरू हो गई है। इसकी वजह से पश्चिमी मध्य प्रदेश के अधिकतर शहरों में बादल छा गए हैं। वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान के आसपास ट्रफ के रूप में एक्टिव है। गुजरात पर एक प्रेरित चक्रवात बन गया है। हवाओं का रुख भी दक्षिण-पूर्वी बना हुआ है। मध्य प्रदेश में उत्तर-दक्षिण ट्रफ बना हुआ है। इससे विपरीत दिशा की हवाओं में टकराव की स्थिति बन रही है। जिसके चलते बादल छाए हुए हैं। साथ ही कहीं-कहीं वर्षा होने की संभावना बनी हुई है। मौसम का इस तरह का मिजाज तीन-चार दिन तक बना रह सकता है। दो दिन बाद तापमान में गिरावट होने के संकेत मिल रहे हैं।
Source link