बंगाल सरकार ने शांतिनिकेतन के सोनाझुरी हाट में होली पर प्रतिबंध के आदेश को वापस लिया, दी ये सफाई

सांकेतिक तस्वीर
बीरभूमिः पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा शांतिनिकेतन के बीरभूम जिले के सोनाझुरी हाट में होली समारोह पर प्रतिबंध लगाने की खबरें सामने आने के बाद मंत्री बीरबाहा हांसदा ने स्पष्ट किया कि यहां पर ऐसा कोई प्रतिबंध नहीं है। बंगाल की वन मंत्री बीरबाहा हांसदा का कहना है कि सोनाझुरी हाट में होली खेलने पर कोई प्रतिबंध नहीं है। यह एक अनुरोध था। लोग होली खेलें लेकिन पर्यावरण का ध्यान रखें।
मंत्री ने होली को लेकर कही ये बात
बीरबाहा हांसदा ने कहा कि हमने (शांतिनिकेतन में) होली पर प्रतिबंध नहीं लगाया है। हमने लोगों से पर्यावरण को सुरक्षित रखने का अनुरोध किया था। जब लोग होली खेलते हैं तो उसमें ऐसे रसायन होते हैं जो पेड़ों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को इस पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। अधिकारियों ने क्षेत्र की हरियाली को संभावित नुकसान पहुंचने की चिंता जताई है।