JDU विधायक गोपाल मंडल की तेजस राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन में शर्मसार करने वाली हरकत

नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) के विधायक गोपाल मंडल की एक शर्मसार करने वाली हरकत सामने आई है। वे गुरुवार रात पटना (राजेन्द्र नगर) से नई दिल्ली जा रही 02309 तेजस राजधानी एक्सप्रेस में सफर कर रहे थे। इस दौरान वे ट्रेन में सिर्फ बनियान और अंडरवियर में टहलते दिखे। यात्रियों ने कड़ी आपत्ति जताई तो उनसे गाली-गलौज करने लगे।
विधायक ने चलती ट्रेन में खूब हंगामा किया। यात्रियों की शिकायत पर ट्रेन में एस्कॉर्ट कर रही RPF की टीम मौके पर पहुंची। समझाने के बाद विधायक अपने A-1 कोच के कूपे में चले गए। वहीं दिल्ली में यात्री की शिकायत पर विधायक गोपाल मंडल पर FIR दर्ज कर ली गई है।
टॉयलेट से लौटे तो कपड़े उतरे हुए थे
विधायक गोपाल मंडल और उनके साथी सीट नंबर 13, 14 और 15 पर सफर कर रहे थे। वे टॉयलेट से लौटे तो सिर्फ बनियान और अंडरवियर में थे। इस पर 22-23 नंबर सीट पर बैठे यात्री प्रह्लाद पासवान ने आपत्ति जताई। पासवान अपने परिवार के साथ थे। उन्होंने कहा कि यहां महिलाएं भी बैठी हैं ऐसे में आपको मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। इस पर विधायक ने गलती मानने की बजाय बहस शुरू कर दी।
केस दर्ज, शिकायतकर्ता को रास्तेभर परेशान करते रहे
विधायक गोपाल मंडल पर FIR दर्ज कर ली गई है। दिल्ली रेलवे पुलिस को दिए आवेदन में प्रह्लाद पासवान ने आरोप लगाए कि उनके लोगों ने मेरे साथ मारपीट की। सोने की चेन और सोने की अंगूठी छीन ली। साथ ही जातिसूचक शब्द कहकर गाली दी। प्रह्लाद पासवान ने यह भी आरोप लगाया कि विधायक और उनके साथ चलने वाले सभी लोग शराब के नशे में थे। पूरे रास्ते उन्हें परेशान किया गया। मुंह में गंदा पानी डाल दिया गया।
गोपाल मंडल के बचाव में उतरी JDU
मामला गर्म होने पर शुक्रवार दोपहर भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी विधायक के बचाव में आए गए। बचाव करते हुए उन्होंने कहा- ‘कभी-कभी आदमी लेटा रहता है, सोया रहता है तो अंडरवियर-गंजी में निकल जाता है। हालांकि, सार्वजनिक जगह पर इन सब मर्यादाओं का ख्याल रखना चाहिए। वो भी तब जब आप माननीय विधायक हो।’
पहले भी चर्चा में रहे हैं गोपाल मंडल
गोपाल मंडल अपने कारनामों के लिए पहले भी चर्चा में रहे हैं। हाल ही में इन्होंने बिहार के डिप्टी CM तारकिशोर प्रसाद पर अवैध उगाही करने का आरोप लगा दिया था, फिर कुछ दिन बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्हीं डिप्टी CM को आई लव यू कहते नजर आए थे।