महंगाई का विरोध करने कांग्रेस ने निकाली जनजागरण रैली खाद संकट से जूझ रहे किसानों के पक्ष में किया प्रदर्शन

छतरपुर। पं. जवाहर लाल नेहरू की जयंती के मौके पर रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने तेजी से बढ़ रही महंगाई के विरोध में जनजागरण रैली निकाली। साथ ही खाद संकट से जूझ रहे जिले के किसानों के पक्ष में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। महंगाई के खिलाफ नारेबाजी करती हुई रैली शहर के गल्ला मंडी में स्थित रामचरित मनास प्रांगण से शुरु हुई। मुख्य मार्गों से गुजरते हुए रैली मेला ग्राउंड पहुंची जहां रैली का समापन हुआ।
इस दौरान बंडा विधानसभा के पूर्व विधायक और कांग्रेस के जिला प्रभारी नारायण प्रजापति ने महंगाई और खाद संकट के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रदेश और केन्द्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कर्ज माफी का उदाहरण देते हुए कांग्रेस को किसान हितैषी बताया। वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष लखन लाल पटेल ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में समाज का हर वर्ग परेशान हैं। आम आदमी महंगाई की मार झेल रहा है और नौजवान रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं। किसानों को समय पर खाद नहीं मिल रहा है ओर व्यापारी वर्ग की कमर टूट गई है। इस मौके पर कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष अनीश खान, महामंत्री लखन दुबे, कोषाध्यक्ष चौबे चौधरी, आई सेल एवं सोशल मीडिया के जिलाध्यक्ष दीपांश चौबे सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।