मध्यप्रदेश

Naxalites created a new recruitment system | नक्सलियों ने बनाया भर्ती का नया सिस्टम: बच्चियों को अगवा कर ट्रेनिंग दे रहे; परिजन बोले-कम उम्र में ही शादी करना हमारी मजबूरी – Balaghat (Madhya Pradesh) News

साजंती को नक्सली दल के सदस्य 19 साल की उम्र में अगवा कर ले गए थे।

मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में सक्रिय नक्सली दलों ने भर्ती का नया सिस्टम डेवलप कर लिया है। पहले युवाओं पर फोकस कर उनका ब्रेनवॉश किया जाता था लेकिन अब बच्चों पर उनकी नजर गड़ी है। नक्सली कमांडर अब छोटी उम्र की लड़कियों को अगवा कर ट्रेनिंग दे रहे

.

ये खुलासा 5 सितंबर को बालाघाट में गिरफ्तार 14 लाख रुपए की इनामी नक्सली साजंती ने पुलिस पूछताछ में किया है। साजंती ने बताया कि उसे भी 19 साल की उम्र में अगवा किया गया था। माता-पिता से महरूम दो बेटी और एक बेटे के परिवार की बड़ी बेटी साजंती को वर्ष 2011 में नक्सली घर से अपने साथ उठा ले गए थे। नक्सलियों के इस नए भर्ती सिस्टम और इसके असर पर पढ़िए ये रिपोर्ट…

साल 2011 में भर्ती हुई, 2016 में एसीएम बनी

साल 2011 में ही साजंती की नक्सली ट्रेनिंग शुरू हो गई। खास रणनीति के तहत 2015 में टीम प्रभारी जोन समन्वयक नक्सली गणेश से उसकी शादी करवा दी गई। इसके बाद शुरू हुआ हार्डकोर ट्रेनिंग का सिलसिला। छत्तीसगढ़ में सरेंडर कर चुके नक्सली ट्रेनर पहाड़ सिंह ने उसे हमला और बचाव के गुर सिखाए।

ट्रेनिंग पूरी कर साजंती 2016 में एमएमसी जोन में केबी डिवीजन के खटिया मोचा दलम में शामिल हो गई। यहां उसके अनुभव को देखते हुए एरिया कमेटी मेंबर (एसीएम) बना दिया गया। इसके बाद से ही वह कान्हा-भोरमदेव कमेटी में बतौर सक्रिय नक्सली काम कर रही थी। यह कमेटी भैंसानघाट और सूपखार के बीच नक्सली वारदातों में सक्रिय है।

बालाघाट जिले के जंगल में सर्चिंग के दौरान हॉकफोर्स के जवानों ने 5 सितंबर को साजंती को गिरफ्तार किया था।

बालाघाट जिले के जंगल में सर्चिंग के दौरान हॉकफोर्स के जवानों ने 5 सितंबर को साजंती को गिरफ्तार किया था।

पति की मौत के बाद जाना चाहती थी घर

पुलिस महानिरीक्षक संजय कुमार ने कहा, ’30 नवंबर 2022 को बालाघाट के जामसेहरा के जंगल में हुए एनकाउंटर में सुरक्षाबल के जवानों ने साजंती के पति नक्सली गणेश को मार गिराया। पति के गम में डूबी साजंती ने कई बार घर जाने का प्रयास किया लेकिन नक्सली उसे घर नहीं जाने देते थे।

उन्हें डर था कि परिवार के दोबारा संपर्क में आने के बाद साजंती नक्सल गतिविधियों से दूर हो जाएगी।’

साजंती पर हत्या, हत्या के प्रयास समेत 6 केस

5 सितंबर की रात 10.30 से 11 बजे के बीच बैहर थाना क्षेत्र के चिचरंगपुर जंगल में एसओजी की टीम को एक पुरुष और महिला दिखाई दिए। सरेंडर करने को कहा तो वे भागने लगे। टीम ने घेराबंदी कर साजंती को पकड़ लिया जबकि उसका साथी समर भागने में कामयाब रहा। साजंती पर हत्या, हत्या के प्रयास जैसे 6 गंभीर अपराध दर्ज हैं।

साजंती की तीन राज्यों- मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की पुलिस को तलाश थी। उस पर मध्यप्रदेश सरकार ने 3 लाख, छत्तीसगढ़ ने 5 लाख और महाराष्ट्र सरकार ने 6 लाख का इनाम घोषित कर रखा था।

आदिवासी परिवारों में नक्सलियों का डर बरकरार

गोंडवाना गोंड महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और आदिवासी नेता भुवन सिंह कोर्राम ने कहा, ‘​आदिवासी परिवारों में यह डर है कि नक्सली उनके बच्चों को जबरदस्ती उठाकर दलम में ले जा सकते हैं। हालांकि, ऐसा मामला मेरे सुनने या देखने में तो नहीं आया है कि नक्सलियों के डर से बेटियों की शादी कर दी गई हो लेकिन इससे इनकार भी नहीं किया जा सकता है।’

इन दो मामलों से समझिए आदिवासी इलाकों में हालात

केस-1: 35 वर्षीय महिला ने रोते हुए बताया कि दलम में भर्ती करने के लिए नक्सली छोटे बच्चों को ले जाते हैं। डर के चलते हमने 11 साल की उम्र में ही अपनी बच्ची का विवाह कर दिया। हमें हमेशा डर सताता था कि कहीं किसी रोज नक्सली हमारी बेटी को न उठा ले जाएं।

केस-2: 41 वर्षीय आदिवासी व्यक्ति ने कहा कि नक्सलियों के डर के चलते मैंने अपनी बेटी की शादी 12 साल की उम्र में कर दी। सोचा था कि ऐसा करने से वह नक्सलियों से बच जाएगी। कम उम्र में शादी करने के कारण वह जल्द ही गर्भवती हो गई। गर्भपात हो जाने की वजह से वह बीमार रहने लगी है।

इनको भी मार गिराया गया

30 नवंबर 2022 को गढ़ी थाना अंतर्गत सूपखार वन क्षेत्र के जामसेहरा वन चौकी इलाके में 20 लाख का इनामी नक्सली राजेश उर्फ वंदा वंजाम मारा गया। ​​​​​​​22 अप्रैल 2023 को इसी इलाके में 14 लाख की इनामी नक्सली सरिता उर्फ बिज्जे को मार गिराया गया। 14 दिसंबर 2023 को कमकोदादर जंगल क्षेत्र में 14 लाख के इनामी नक्सली चैतू उर्फ हिड़मा मरकाम को सुरक्षा बलों ने ढेर कर दिया।


Source link

एडवोकेट अरविन्द जैन

संपादक, बुंदेलखंड समाचार अधिमान्य पत्रकार मध्यप्रदेश शासन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!