खास खबरडेली न्यूज़

शहर में निकली तिरंगा यात्रा: महिलाओं ने दिखाया उत्साह; कलेक्टर और विधायक ने यात्रा को दिखाई हरी झण्डी

छतरपुर। भारत सरकार के निर्देश पर देश भर में 9 अगस्त से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत शनिवार को नगर पालिका छतरपुर के द्वारा शहर में एक तिरंगा यात्रा निकाली गई। कलेक्टर पार्थ जैसवाल एवं विधायक ललिता यादव ने किशोर सागर स्थित ऑडिटोरियम से इस यात्रा को हरी झण्डी दिखाई। यात्रा में स्वसहायता समूह की महिलाएं और छात्राएं हाथों में झण्डा लेकर भारत माता के नारे लगाते हुए निकलीं।
नगर पालिका के कार्यक्रम प्रभारी सृजन गुप्ता ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य लोगों में देशभक्ति का भाव जगाना एवं 15 अगस्त के पहले हर घर पर तिरंगा लगाने के लिए लोगों को प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान स्वसहायता समूह की महिलाओं ने टीकमगढ़ में चल रहे मुख्यमंत्री के मातृशक्ति कार्यक्रम एवं रक्षाबंधन कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा। इसके साथ ही महिलाओं ने छतरपुर कलेक्टर को राखी बांधकर रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया। तदोपरांत ऑडिटोरियम से निकली तिरंगा यात्रा ने शहर का भ्रमण करते हुए लोगों को हर घर तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित किया। यह यात्रा नगर पालिका प्रांगण में सम्पन्न हुई।
नगर परिषद में आयोजित हुआ स्व सहायता समूह सम्मेलन

खजुराहो। नगर परिषद खजुराहो में स्व सहायता समूह सम्मेलन एवं रक्षाबंधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से बड़ी संख्या में उपस्थित मातृशक्ति टीकमगढ़ से मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के  लाइव प्रसारण से जुड़ी तथा कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम में उपस्थित विधायक राजनगर अरविंद पटेरिया ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने प्रदेश की बहनों के हितों को ध्यान में रखते हुए लाड़ली बहना योजना प्रारंभ की जिससे अब हमारी बहनें पैसों के लिए किसी पर आधारित नहीं रहेगी, उन्हें हर माह 1250 तो मिलते ही हैं लेकिन अगस्त माह में रक्षाबंधन होने के कारण ढाई सौ रुपए अतिरिक्त प्रदान किए गए हैं जो आज 1500  उनके खाते में डाले गए।  
वहीं खजुराहो नगर परिषद में आज तिरंगा यात्रा का शुभारंभ  राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया के द्वारा किया गया। इस अवसर पर विधायक अरविंद पटेरिया ने कहा कि हम सभी को अपने-अपने घरों, प्रतिष्ठान, दुकान एवं ऑफिस में हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत तिरंगा लगाकर देश का सम्मान तथा गौरव बढ़ाना है। इस अवसर पर तिरंगा यात्रा एवं इस कार्यक्रम में विधायक अरविंद पटेरिया के अलावा नगर परिषद खजुराहो के अध्यक्ष अरुण कुमार (पप्पू) अवस्थी, सीएमओ बसंत चतुर्वेदी तथा महिला बाल विकास विभाग से रजनी शुक्ला, आधार संस्था से सपना शुक्ला,के अलावा पार्षद रवि नायक, दुर्गा पटेल, डॉक्टर राम अवतार चौबे, दिनेश गौतम, अफसर राइन, चिरैया प्रजापति, पार्षद प्रतिनिधि राम सजीवन दुबे, पूर्व पार्षद वृंदावन पटेल एवं भाजपा के मुन्नी चच्चा, जिला मंत्री संजय रैकवार तथा राजीव बाजपेई तुलसीदास सोनी पत्रकार, गौरव अग्रवाल सहित नगर के गणमान्य जन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन राजीव शुक्ला द्वारा किया गया।

एडवोकेट अरविन्द जैन

संपादक, बुंदेलखंड समाचार अधिमान्य पत्रकार मध्यप्रदेश शासन

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!