महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को बड़ा झटका: भाजपा के दो पदाधिकारी ने ज्वाइन की कांग्रेस

महाराजपुर। भाजपा के पूर्व मण्डल अध्यक्ष एवं जिला कार्यकारणी सदस्य प्रमोद तिवारी, पिछड़ा मोर्चा महामंत्री बबलू सोनी और ब्रजेन्द्र पटैरया ने भाजपा से इस्तीफा देकर विधायक एवं कांग्रेस प्रत्याशी नीरज विनोद दीक्षित के समक्ष कांग्रेस पार्टी ज्वाइन की है। कांग्रेस पार्टी ज्वाइन करने पर इस्तीफा देने वाले भाजपाईयों ने भाजपा प्रत्याशी पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने अपने सिद्धांत को दरकिनार कर ऐसे व्यक्ति को टिकिट दिया जो कभी भाजपा का कार्यकर्ता तक नहीं रहा। ऐसे में भाजपा प्रत्याशी का समर्थन करना मेरे स्वाभिमान को शोभा नहीं देता है। हम पं. दीनदयाल उपाध्याय के उस वाक्य को याद कर स्तीफा दे रहे हैं जिसमें उपाध्याय जी ने कहा था कि अगर पार्टी कभी गलत प्रत्याशी को मैदान में उतारे और आलाकमान हिटलरशाही पर आमादा हो तो पार्टी के प्रत्याशी के खिलाफ जाकर आलाकमान को उनके गलत निर्णय का अहसास कराना चाहिए। आज महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास और आम जन के सम्मान के लिए केवल और केवल नीरज दीक्षित ही एक मात्र चेहरा हैं जिन्हें जिताकर हमें महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास को आगे ले जाना है। चुनाव के समय भाजपा कार्यकर्ताओं का कांग्रेस ज्वाइन करना भाजपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।