Cabinet Minister Bijendra Pratap Singh gave the gift | पन्ना में डायमंड पार्क, नया हीरा कार्यालय, महाविद्यालय, सहित विभिन्न प्रोजेक्ट के लिए राशि स्वीकृत

पन्ना27 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
खनिज और श्रम मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह ने पन्ना के लोगों के लिए बड़ी सौगात दी है। जिसमें हीरों के लिए मशहूर पन्ना शहर में डायमंड पार्क की स्थापना के लिए करीब 4 करोड़ की राशि स्वीकार करवाई गई है। वहीं नवीन हीरा कार्यालय के निर्माण के लिए भी राशि स्वीकृत हो गई है।
ग्राम पंचायत खोरा में क्षेत्र वासियों के लिए भी अब शासकीय महाविद्यालय बनवाने के लिए सरकार ने स्वीकृति दे दी है। इसके साथ ही पन्ना नगर में पानी की उपलब्धता के लिए दो बड़ी पाइप लाइन बिछाने का कार्य भी जल्द कराया जाएगा।
पन्ना जिला बेशकीमती हीरों के लिए देश-दुनिया में जाना जाता है। इसलिए यहां सालों से डायमंड पार्क बनवाने की मांग की जा रही थी। जिसके लिए कई बार यहां के नेताओं ने प्रयास भी किए लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। हालांकि अब पन्ना विधायक खनिज, साधन और श्रम मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह के प्रयास से जिले को 6 विकास कार्यों की सौगात मिली है।
पन्ना में डायमंड पार्क, खनिज कार्यालय पन्ना के सामने स्थित शासकीय भूमि पर हीरा कार्यालय और खोरा में महाविद्यालय खोलने की अनुमति सरकार ने दे दी है। जिसमें डायमंड पार्क के लिए 3 करोड़ 98 लाख रुपए राशि भी स्वीकृत हो गई है। वहीं हीरा कार्यालय के भवन निर्माण के लिए 1 करोड़ 41 लाख की राशि को भी स्वीकार किया गया है।
खनिज साधन विभाग के डीएमएफ मद से सभी कार्य स्वीकार किए गए हैं। इसके साथ ही पन्ना नगर में पानी की उपलब्धता के लिए कटरा डैम से लोकपाल सागर तक 6 किलोमीटर और निरपत सागर से पहाड़कोठी तक पाइपलाइन बिछाने का काम जल्दी ही शुरू होगा। जिसके लिए तीन करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत की गई है।
इसी तरह पन्ना विधानसभा क्षेत्र के अंदर आने वाले विभिन्न मजरा टोलों में 12 करोड़ 73 लाख की राशि से विद्युतीकरण का कार्य किया जाएगा। शासकीय उत्कृष्ट उ.मा.विद्यालय के खेल मैदान को सुरक्षित और संरक्षित रखने के लिए बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 8 लाख रुपए राशि को मंजूरी मिली है। इसके अलावा अजयपाल पर्यटन स्थल के पहुंच मार्ग की सड़क चौड़ी करण के लिए 6 करोड़ रुपए की अनुमति दी गई।



Source link