Rajnagar: असंतोष और बगावत की आग में जलती भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रकाश पाण्डेय ने छोड़ी पार्टी
Shravan Gaurav

छतरपुर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और स्थानीय सांसद की जिद का खामियाजा भाजपा को राजनगर विधान सभा सीट में पराजय के रूप में भोगना पड़ सकता है। असंतोष और बगावत की आग में जलती भाजपा को कोई फायर ब्रिगेड बचा नहीं पा रहा है। दल छोड़कर क्षेत्र के कद्दावर नेता भाग रहे हैं।
भाजपा नेताओं ने क्षेत्र के प्रभावशाली नेता प्रकाश पाण्डेय को दल में बने रहने खूब मिन्नतें कीं, लेकिन वह नहीं माने। उन्होंने अपनी पत्नी केशर बाई पाण्डेय पूर्व मंडी अध्यक्ष, राजनगर के साथ भाजपा को टिकट वितरण से असंतुष्ट होने के कारण छोड़ दिया।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और राजनगर के वरिष्ठ, जमीनी एवं जनाधार वाले नेता प्रकाशपाण्डेय (जटकरा) ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। वह बाहरी नहीं क्षेत्रीय उम्मीदवार को राजनगर विधान सभा सीट से चाहते थे। लेकिन भाजपा प्रदेशाध्यक्ष और सांसद के चहेते पूर्व पराजित अरविंद पटैरिया को भाजपा उम्मीदवार बना दिया गया। जिनको बाहरी प्रत्याशी माना जा रहा है और उनको टिकट दिए जाने से क्षेत्रीय भाजपाईयों में असंतोष पैदा हो गया था।
जिस कारण पहले पूर्व जिलाध्यक्ष घासीराम पटेल ने भाजपा छोड़ी और बसपा के हाथी में सवार हो चुनाव मैदान में उतर आए। फिर भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह (टुरया) और मंडी उपाध्यक्ष अजय मिश्रा ने भाजपा को अलविदा कर दिया। अब प्रभावशाली क्षेत्रीय नेता प्रकाश पाण्डेय का त्यागपत्र। इस तरह भाजपा से प्रभावी नेतृत्व के पलायन का खामियाजा विधान सभा चुनाव में भाजपा के लिए काफी संकट खड़ा करने वाला है।