Mp Election 2023 Live:आज सतना के दौरे पर पीएम मोदी, सीएम शिवराज, राज्यपाल के साथ इस कार्यक्रम में होंगे शामिल – Mp Election 2023 Live News Madhya Pradesh Vidhan Sabha Chunav Schedule Congress Bjp Candidate List Updates

10:09 AM, 27-Oct-2023
उमा भारती ने चुनाव प्रचार से बनाई दूरी
मध्य प्रदेश में 2003 में भाजपा को सत्ता के शिखर पर ले जाने वाली उमा भारती ने चुनाव प्रचार से दूरी बना ली हैं। वह शुक्रवार को हिमालय के लिए निकल जाएंगी। कुछ दिन बद्री-केदार पर रहेंगी। इस दौरान आत्मचिंतन करेंगी कि 2003 में लोगों के जिन सपनों को पूरा करने के लिए कांग्रेस को ध्वस्त किया था, उनमें से कितने पूरे हुए।
09:37 AM, 27-Oct-2023
पंजाब के मुख्यमंत्री का रोड शो हुआ फ्लॉप
पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान महाराजपुर विधानसभा से आप आदमी पार्टी के प्रत्याशी रामजी पटेल का नामांकन भरवाने गुरुवार को नौगांव पहुंचे थे। जहां रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान ने शहर के मुसाफिर खाना चोराहे पर लोगों संबोधित किया। इस दौरान वे भाजपा सरकार पर गरजे। इसके बाद उनका रोड शो आगे बढ़ा लेकिन भीड़ कम होने से गल्ला मंडी में मुख्यमंत्री ने रॉड शो खत्म कर दिया। बता दें, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान महाराजपुर विधानसभा में आम आदमी पार्टी से प्रत्याशी बनाए गए रामजी पटेल का नामांकन भरवाने नौगांव आए हुए थे।
09:13 AM, 27-Oct-2023
खजुराहो से चित्रकूट के लिए रवाना होंगे पीएम
स्थानीय प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 11:45 बजे दिल्ली से विशेष विमान से खजुराहो पहुंचेंगे, जहां से वह चित्रकूट के लिए हेलीकॉप्टर से दोपहर 12:55 मिनट पर रवाना होंगे। 1:40 मिनट पर मोदी चित्रकूट पहुंचेंगे, वे 1:45 मिनट पर रघुवीर मंदिर में पूजन-अर्चन करने के बाद सद्गुरु संघ सेवा ट्रस्ट की प्रदर्शनी का शुभारंभ कर अवलोकन करेंगे। पीएम मोदी श्रीराम संस्कृत महाविद्यालय में पुस्तकालय भी पहुंचेंगे। इसके बाद जानकी कुंड अस्पताल (मध्य प्रदेश) परिसर में स्थित अरविंद भाई मफतलाल की समाधि स्थल पर श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी परिसर में ही स्थित नए सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का शुभारंभ करेंगे।
09:07 AM, 27-Oct-2023
MP Election 2023: पूर्व मंत्री रंजना बघेल ने भरा नामांकन
धार जिले की मनावर विधानसभा सीट से भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद रंजना बघेल ने बागी रुख अपना रखा है। उन्होंने गुरुवार को भाजपा व निर्दलीय रूप से दो नामांकन पत्र जमा किए। इस दौरान पूर्व मंत्री रंजना बघेल ने मेला मैदान से शक्ति प्रदर्शन करते हुए मनावर नगर के प्रमुख मार्गों से समर्थकों के साथ विशाल रैली निकाली। इसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए।
08:11 AM, 27-Oct-2023
जो भाजपा की नाव में सवार है वही पार लगेगा: कैलाश विजयवर्गीय
वरिष्ठ भाजपा नेता और राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर सिंगरौली पहुंचे। यहां उन्होंने इस बात का भरोसा जताया कि मध्य प्रदेश में एक बार फिर दो तिहाई बहुमत की सरकार भारतीय जनता पार्टी बनाने जा रही है। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि जो कार्यकर्ता बीजेपी की नाव पर सवार है, वही पार लगेगा बाकी की नाव डूब जाएगी। कैलाश विजयवर्गीय ने बैढ़न के रामलीला ग्राउंड पर एक चुनावी सभा को भी संबोधित किया।
इस दौरान सिंगरौली जिले की तीनों विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी और काफी संख्या में कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। विजयवर्गीय ने मंच से इस बात का ऐलान किया कि भारतीय जनता पार्टी ही है जो प्रदेश में विकास कार्यों को गति दे सकती है। मीडिया से संक्षिप्त बातचीत के दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री के बारे में कहा है कि अभी कोई भी मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार और दावेदार नहीं है, जिसे विधायक चाहेंगे वही पार्टी के संविधान के मुताबिक मध्यप्रदेश का अगला मुख्यमंत्री होगा।
07:42 AM, 27-Oct-2023
MP Election 2023 Live: आज सतना के दौरे पर पीएम मोदी, सीएम शिवराज, राज्यपाल के साथ इस कार्यक्रम में होंगे शामिल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (27 अक्टूबर) को मध्यप्रदेश के सतना जिले की धार्मिक नगरी चित्रकूट आ रहे हैं। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। पीएम के साथ प्रदेश के राज्यपाल व मुख्यमंत्री भी आएंगे। बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी चित्रकूट में अरविंद भाई मफतलाल की 100वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। उनकी समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद वे सद्गुरु सेवा संघ के कर्मचारियों को संबोधित करेंगे और सद्गुरु सेवा संघ के अस्पताल की व्यवस्था देखने के बाद नई विंग के पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। अपने चित्रकूट प्रवास के दौरान पीएम मोदी तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य महाराज से भी मुलाकात करेंगे।
Source link