जिले के 180 सरकारी स्कूलों में गर्ल्स टायलेट नहीं, 649 में पीने के पानी की सुविधा नहीं…
Dharmendra Singh

छतरपुर. बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम आ चुके हैं। अब नए सत्र की पढ़ाई की तैयारियां शुरु हो गई है। 16 जून से स्कूल खुल जाएंगे। बच्चों को पढ़ाने के लिए शासन पूरे जिले में 2240 शासकीय स्कूलों का संचालन कर रहा है। लेकिन इन सरकारी स्कूलों में सुविधाओं की कमी आज भी बनी हुई है। जिले के आठ विकासखंडों में बड़ी संख्या में ऐसे स्कूल हैं, जहां लड़कियों के लिए टॉयलेट तक नहीं है। लड़कों के लिए टॉयलेट, खेल मैदान की कमी के बीच ऐसे स्कूल सभी ब्लॉक में हैं, जहां स्कूल में क्लास रुम तक नहीं हैं।
राजनगर में 50 स्कूलों में नहीं है लड़कियों के लिए टॉयलेट
जिले के राजनगर ब्लॉक में ३४८ सरकारी स्कूलों का संचालन किया जा रहा है। लेकिन इनमें से 50 प्राइमरी स्कूलों में लड़कियों के लिए टॉयलेट ही नहीं है। वहीं 13 मिडिल स्कूल ऐसे हैं, जहां छात्रों के लिए टॉयलेट का इंतजाम अब तक नहीं हो पाया है। प्राइमरी व मिडिल स्कूलों में टॉयलेट की सुविधा देने के मामले में राजनगर जिले में सबसे पिछड़ा विकासखंड साबित हो रहा है। इतना ही नहीं राजनगर के 50 प्राइमरी और 15 मिडिल स्कूलों में बच्चों के खेलने के लिए मैदान ही नहीं है। सुविधाओं के अभाव की फेहरिस्त यहीं खत्म नहीं हो रही है। ब्लॉक के 25 प्राइमरी व 13 मिडिल स्कूल ऐसे हैं, जहां पर्याप्त क्लास रुम तक नहीं है।
जिला मुख्यालय के हाल भी बेहतर नहीं
जिला मुख्यालय छतरपुर के विकासखंड अंतर्गत आने वाले सरकारी स्कूलों की स्थिति भी बेहतर नहीं है। विकास खंड के 353 स्कूलों में से 331 में ही पर्याप्त क्लास रुम हैं। 9 प्राइमरी व 9 मिडिल स्कूल में क्लास रूमों का संकट अब भी है। 7 प्राइमरी स्कूलों में लड़कियों के लिए टॉयलेट सुविधा नहीं है। 50 प्राइमरी व 17 मिडिल स्कूलों में खेल मैदान नहीं है। बकस्वाहा विकासखंड के सरकारी स्कूलों में भी सुविधाओं की कमी है। 133 स्कूलों में से 127 में ही क्लास रुम है। 1 प्राइमरी व 3 मिडिल स्कूलों में क्लास रुम नहीं है। 3 प्राइमरी व 6 मिडिल स्कूलों में लड़कियों के लिए टॉयलेट नहीं है। 14 प्राइमरी व 5 मिडिल स्कूलों में खेल मैदान की सुविधा नहीं है।
बिजावर व लवकुशनगर में भी समस्या
बिजावर विकासखंड के 261 स्कूलों में से 256 में क्लास रूम की सुविधा नहीं है, जिसमें 6 प्राइमरी व 5 मिडिल स्कूल हैं। गल्र्स टॉयलेट की सुविधा की बात करें तो इस विकासखंड के 3 प्राइमरी व 1 मिडिल में टॉयलेट का संकट है। 50 प्राइमरी ऐसे हैं, जहां खेल मैदान नहीं है। 9 मिडिल स्कूल में भी खेल मैदान का अभाव है लवकुशनगर विकासखंड के 312 स्कूलों में से 50 प्राइमरी व 14 मिडिल में खेल मैदान नहीं है। 33 प्राइमरी व 4 मिडिल स्कूलों में लड़कियों खुले में बॉथरुम जा रही हैं। 9 प्राइमरी व 5 मिडिल स्कूलों में क्लास रुम नहीं है। 312 में से 291 स्कूलों में ही क्लास रुम की सुविधा है।
नौगांव व बड़ामलहरा के भी यही हाल
नौगांव विकासखंड के 261 स्कूलों में से 255 में क्लास रुम की कमी है। जिसमें 8 प्राइमरी व 1 मिडिल स्कूल शामिल है। वहीं 5 प्राइमरी स्कूलों में लड़कियों के लिए बाथरुम नही ंहै। 50 प्राइमरी व 11 मिडिल स्कूलों में खेल मैदान की सुविधा छात्र-छात्राओं को नहीं मिल रही है। बड़ामलहरा विकासखंड में 301 सरकारी स्कूल संचालित हैं, जिसमें केवल 294 में ही क्लास रुम की सुविधा है। 14 प्राइमरी व 3 मिडिल स्कूलों में लड़कियों के लिए टॉयलेट की सुविधा नहीं जुटाई जा सकी है। खेल मैदान के मामले में 34 प्राइमरी व 9 मिडिल स्कूलों में ये सुविधा अब तक नहीं मिल सकी है।
फैक्ट फाइल
स्कूल 2240
गल्र्स टॉयलेट 2060
बॉयज टॉयलेट 2008
पीने का पानी 1591
खेल मैदान 1351
बाउंड्रीवॉॅल 555
रैंप 947