ललिता यादव ने शांतिनगर कालोनी, लोकनाथपुरम, जिला न्यायालय में किया सघन जनसंपर्क

छतरपुर। भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष और छतरपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी श्रीमती ललिता यादव ने गुरूवार को छतरपुर शहर की शांतिनगर कालोनी, लोकनाथपुरम सहित जिला न्यायालय जाकर सघन जनसंपर्क किया है। इस दौरान सभी अधिवक्ताओं, डॉक्टर सहित लोगों ने उन्हें आत्मीयता से लेकर जीत का आर्शीवाद दिया है।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं भाजपा प्रत्याशी श्रीमती ललिता यादव दोपहर में शहर की शांतिनगर कॉलोनी और लोकनाथपुरम कॉलोनी में जनसंपर्क करने के लिए पहुंची। ढोल-नगाडों की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में कालोनी के लोगों ने अपने घरों से बाहर निकलकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्हें फूलमालाओं से लाद दिया। महिलाओं ने गले लगाकर उनका स्नेहमयी स्वागत किया। श्रीमती ललिता यादव ने सभी को अपने पूर्व के नगर पालिका अध्यक्ष और दो बार के विधायक कार्यकाल की याद ताजा कराते हुए कहा कि वे शहर और पूरे छतरपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने इस चुनाव में मतदान के दिन कमल के फूल के आगे का बटन दबाकर उन्हें विजयश्री का आर्शीवाद देने का आग्रह करते हुए कहा कि आप सभी की उम्मीदों पर खरा उतरूंगी ये मेरा आप सब से वादा है। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती ज्योति चौरसिया, पंकज पहारिया, दीपेन्द्र सिंह बुंदेला, पूर्व जनपद अध्यक्ष मोनू यादव सहित बड़ी संख्या में पार्षद, महिला मोर्चा की पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता और वार्ड के लोग भी मौजूद रहे।