भाजपा की तमाम नीतियां व्यापारियों के खिलाफ: व्यापारी नेता दिनेश चंद्र जैन

मप्र में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के लिए सभी राजनैतिक दल अपने संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। कांग्रेस ने भी भाजपा के कोर वोटर कहे जाने वाले व्यापारी समाज में सेंध लगाने के लिए संगठन में कई फेरबदल किए हैं। पार्टी ने हाल ही में व्यापारी नेता दिनेश चंद्र जैन को कांग्रेस व्यापारी प्रकोष्ठ का जिला महामंत्री नियुक्त किया है। व्यापारियों से जुड़े इन्हीं सब बदलावों पर चर्चा करने के लिए कांग्रेस ने एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया है। जिसमें उन्होंने कहा कि भाजपा की तमाम नीतियां व्यापारियों के खिलाफ हैं।
महामंत्री बनाए गए दिनेश जैन ने कहा कि पिछली बार भाजपा की सरकार ने नोटबंदी जैसे गलत निर्णय के कारण जनता को परेशान कर दिया था। एक बार फिर बड़े नोटों में शामिल दो हजार के नोट को बंद करने की तारीख का ऐलान कर दिया गया है जिससे भारत की अर्थव्यवस्था पर दोबारा कुठारा घात होने जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सभी नीतियां व्यापारियों का खून चूसने वाली हैं। व्यापारियों से मनमर्जी के टैक्स लिए जा रहे हैं। व्यापारी आज व्यापार की जगह सरकार को हिसाब दे देकर परेशान है।
संभागीय प्रवक्ता दीप्ति पांडेय ने कहा कि आज भाजपा के नेता कमलनाथ पर झूठे और मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं। यह उसी तरह है जैसे अंत निकट आने पर कंस को चारों तरफ भगवान कृष्ण दिखने लगे थे। पार्टी के जिलाध्यक्ष लखन पटेल ने सभी व्यापारियों का आह्वान करते हुए कहा कि वे कांग्रेस का साथ दें ताकि आगामी चुनाव में पार्टी संगठन के स्तर पर मजबूत होकर भाजपा को परास्त करे। पत्रकार वार्ता में आबिद सिद्दीकी, सूर्यप्रताप बुंदेला, संतोष तिवारी, लोकेंद्र वर्मा, प्रभात अग्रवाल, पाशा खान सहित कई नेता मौजूद रहे।