छतरपुर। भारतीय जनता पार्टी के द्वारा चंदला विधानसभा सीट के विधायक राजेश प्रजापति का टिकिट काटकर छतरपुर के भाजपा नेता दिलीप अहिरवार को प्रत्याशी बना दिया गया है। टिकिट कटने के बाद सोमवार को भाजपा विधायक राजेश प्रजापति का दर्द छलक पड़ा। वे चंदला क्षेत्र के प्रसिद्ध आल्हमदेवी मंदिर में अपने समर्थकों के साथ दर्शन करने गए थे। जब यहां पत्रकारों ने उनसे सवाल किए तो वे छलक पड़े।राजेश प्रजापति ने मीडिया के कैमरों में आरोप लगाए हैं कि वे 2018 में अकेले प्रत्याशी थे जिसने जिले में भाजपा की नाक बचाई थी। वे अकेले ही जिले में कांगेे्रसियों से जूझते रहे तब किसी संगठन ने उनकी मदद नहीं की। लोगों की सेवा के लिए रात-दिन काम करते रहे तब कोई उनकी मदद के लिए नहीं आया। लेकिन चुनाव के समय अचानक संगठन में बैठे कुछ लोगों ने उनके साथ धोखा कर दिया। राजेश प्रजापति ने आरोप लगाए हैं कि उनके क्षेत्र का टिकिट करोड़ों रूपए में बेचा गया है। राजेश प्रजापति ने कहा कि तीन दिन पहले मप्र के प्रभारी भूपेन्द्र यादव ने उन्हें टिकिट का आश्वासन देकर भोपाल से क्षेत्र में भेज दिया था लेकिन फिर कुछ लोगों ने उनका टिकिट कटवा दिया। राजेश प्रजापति का इशारा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा की तरफ था क्योंकि उनकी मौजूदगी में ही उनके समर्थकों ने वीडी शर्मा मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। सोशल मीडिया पर राजेश प्रजापति का वह वीडियो भी खूब वायरल हो रहा है जिसमें वे अपनी पीड़ा को बताते हुए रो पड़े। गौरतलब हो कि चंदला विधानसभा सीट से राजेश प्रजापति वर्तमान में सिटिंग एमएलए थे और उन्होंने 2018 में छतरपुर जिले से भाजपा की एक सीट निकालकर दी थी। पार्टी के वरिष्ठ नेता उन्हें आश्वासन देते रहे कि आपकी टिकट कंफर्म है परंतु तीन दिन में ऐसा क्या हो गया कि उनकी जगह दिलीप अहिरवार को भाजपा ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। राजेश प्रजापति ने आरोप लगाया है कि भाजपा के संगठन के बड़े नेताओं ने इसमें लंबा सौदा किया है। क्षेत्र के मंडल अध्यक्ष दोनों जनपद के अध्यक्ष एवं नगर पंचायत के अध्यक्ष सभी हमारे साथ थे उसके बावजूद भी हमारी टिकट काटी गई। पूरे क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दिलीप अहिरवार का विरोध हो रहा है। क्योंकि वह स्थानीय प्रत्याशी नहीं हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आज पूरे क्षेत्र में रैली निकालकर अपना विरोध जताया।

