लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री के लिए अर्चना गुड्डू सिंह को सौंपे रक्षा सूत्र..

40 साल से चली आ रही पानी की समस्या को दूर कराया- अर्चना गुड्डू सिंह
छतरपुर। लाड़ली बहनों की मदद के लिए वार्ड क्रमांक 1 के अमर मण्डपंम में लगाए गए विशेष शिविर में वार्ड क्रमांक 40 और 1 की लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के लिए पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अर्चना गुड्डू सिंह को रक्षा सूत्र सौंपे। यहां वार्ड क्रमांक 40 और 1 की महिलाओं की मदद के लिए अर्चना गुड्डू सिंह द्वारा समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया था। इस शिविर में भारतीय जनता पार्टी के वयोवृद्ध कार्यकर्ता आनंद पेंटर एवं पूर्व पार्षद रामकली सोनी, पं. श्री श्यामाचरण पाठक विशेष रूप से उपस्थित थे।

ज्ञात हो कि इन दिनों पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं छतरपुर विधानसभा क्षेत्र की प्रत्याशी रहीं अर्चना गुड्डू सिंह ग्राउंड जीरो पर उतरकर लाड़ली बहनों की मदद में प्रांण-प्रण में जुटी हुई हैं और शहर के वार्डों में विशेष कैम्प आयोजित कर लाड़ली बहनों की ई-केवाईसी के साथ ही उनकी मदद के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं। इसी श्रृंखला में शनिवार को नारायणपुरा रोड स्थित अमर मण्डपंम में वार्ड क्रमांक 40 और 1 के लिए संयुक्त शिविर आयोजित किया गया था, इस शिविर में हजारों की संख्या में लाड़ली बहना पहुंची और अपने ई-केवाईसी करवाये। इस मौके पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अर्चना गुड्डू सिंह ने कहा कि पिछले चुनाव में कुछ मतों से हम चुनाव हार गए थे, लेकिन हम ने कभी हिम्मत नहीं हारी, यहां की जनता ने जिन्हें चुना था वे चुनाव जीतने के बाद चार साल तक जनता के बीच में नहीं आये लेकिन हम लगातार जनता के बीच में काम करते रहे हैं। क्योंकि पिछले 10 साल में हमारा रिश्ता छतरपुर की जनता के साथ परिवार रिश्ता जुड़ गया है। इस लिए उनके आड़े वक्त पर काम आना हम अपना परिवार बोध और जिम्मेदारी समझते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लाड़ली बहनों के लिए एक हजार रूपये प्रतिमाह देने की योजना बनाकर उन्हें आत्म सम्मान से जीने का अवसर दिया तो वहीं सवा साल की कांग्रेस सरकार ने प्रदेश सरकार की तमाम जनहितैशी योजनाएं बंद कर दी थीं। उन्होंने कहा कि उस निकम्मी सरकार ने गर्भवती महिलाओं को गुड़ के लिए मिलने वाले 16 हजार रूपये भी छीन लिए थे और छतरपुर के जनप्रतिनिधि जी ने आवास योजना को जांच में उलझा कर गरीब लोगों के सिर से छत छीनने का पाप किया है, ऐसे लोगों को जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने यह बात तब कही जब उपस्थित महिलाओं ने उन्हें बताया कि उनका आवास स्वीकृत हो गया था लेकिन राशि नहीं मिली। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अर्चना गुड्डू सिंह ने कहा कि छतरपुर में 40 साल से पानी की गंभीर समस्या थी, इस समस्या का सबसे ज्यादा सामना महिलाओं को करना पड़ता था। उन्होंने अपने नगर पालिका अध्यक्ष कार्यकाल में शहर में 7 पानी की नई टंकियां और पूरे शहर में पाईप लाईन का विस्तार कर पानी की समस्या से निजात दिलाने का ऐतिहासिक काम किया है। अब लोगों के घरों में नलों से पानी आ रहा है और महिलाओं को डिब्बों के साथ हैण्डपंप पर लाईन नहीं लगाना पड़ रही है। इस मौके पर पार्षद अलका दुबे, दीपेन्द्र असाटी, हिमानी घोष, अजय कबीर, किन्ना बरार, पूर्व पार्षद राघवेन्द्र सिंह बुन्देला, द्रोपति कुशवाहा, प्रतीक खरे, अभिषेक खरे, सुरेन्द्र सिंह तोमर, जीतेन्द्र घोष, संतोष मिश्रा, जयराम दुबे, डीसी पाठक, रॉकी ठाकुर, आनंद सिंह, प्रियंका त्रिपाठी, लता दिवाकर, बलजीत कौर, कस्तूरी साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और लाड़ली बहनें उपस्थित थीं।