जिले में खुला पह्ला महिला थाना, यहां होगी सिर्फ महिलाओं की सुनवाई
छतरपुर। घरेलू हिंसा, मारपीट, दहेज प्रताडऩा जैसी अनेक समस्याओं से जूझने वाली महिलाों को कई बार थानों में समय पर न्याय नहीं मिल पाता। छेडख़ानी और रेप जैसी घटनाओं में महिलाएं पुरुष पुलिसकर्मियों के सामने खुलकर अपनी आपबीती नहीं कह पातीं। आपराधिक घटनाओं से जूझने वाली ऐसी महिलाओं को अब छतरपुर जिले में बड़ी राहत मिल सकेगी। गुरुवार को छतरपुर में पहला महिला थाना खोला गया जो पूरी तरह महिलाओं के लिए समर्पित होगा। यह थाना पुलिस कंट्रोल रूम में ही स्थापित किया गया है। डीआईजी विवेक राज सिंह, एसपी सचिन शर्मा और डीएसपी अनुरक्ति साबनानी की उपस्थिति में रिबिन काटकर इस थाने का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर डीआईजी विवेक राज सिंह ने कहा कि पूरे प्रदेश में आज 42 महिला थाने प्रारंभ हो रहे हैं। छतरपुर में भी महिलाओं की समस्याओं के समाधान के लिए यह थाना आज से काम करेगा। एसपी सचिन शर्मा ने इस अवसर पर महिला पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों के निराकरण में अपनी भूमिका निभाएं। उक्त महिला थाने की कमान सब इंस्पेक्टर निशा श्रीवास्तव और प्रियंका चतुर्वेदी को मिली है। प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि उक्त थाने में 24 घंटे महिलाएं नि:संकोच अपनी समस्यायें लेकर पहुंच सकती हैं। उन्होंने कहा कि हमारा पूरा प्रयास होगा कि महिलाओं को न्याय मिले।