अब वे बोले- 25 साल तक रहने दें यही सरकार, किसी के भटकाने में ना आएं | Said – let this government wear it for 25 years; The High Court has already reprimanded

पन्ना18 मिनट पहले
माननीय मोदी जी कहते हैं कि आजादी का अमृत काल चल रहा है। शताब्दी 25 साल बाद मनाई जाएगी। हमारे प्रधानमंत्री जी का सपना है कि जब शताब्दी मैंने तब भी यही सरकार रहे। आपको अगले 25 साल तक इसी मेहनत से इस सरकार के साथ बने रहना है। इसे पढ़कर आपको लग रहा होगा कि यह किसी भाजपा नेता का बयान है। नहीं, यह कहना है पन्ना जिले के कलेक्टर संजय कुमार मिश्रा का।
8 फरवरी को पन्ना कलेक्टर संजय कुमार मिश्रा सरकार की विकास यात्रा में शामिल हुए थे। वह रात 9 बजे अमानगंज में आमसभा को संबोधित कर रहे थे। इस आमसभा में अधिकारी और भाजपा के कार्यकर्ताओं भी बड़ी संख्या में शामिल हुए थे। इस आमसभा में पन्ना कलेक्टर जनता को संबोधित करने के लिए उठे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री कहते हैं कि जनता के आशीर्वाद से चौथी बार भाजपा की सरकार प्रदेश में बनी है। माननीय मोदी जी कहते हैं कि आजादी का अमृत काल चल रहा है। शताब्दी 25 साल बाद मनाई जाएगी। हमारे प्रधानमंत्री जी का सपना है कि जब शताब्दी मैंने तब भी यही सरकार रहे। आपको अगले 25 साल तक इसी मेहनत से इस सरकार के साथ बने रहना है। किसी के भटकाने में आने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है।
आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य श्रीकांत पप्पू दीक्षित ने प्रेसवार्ता का आयोजन किया और इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर DM पर साधा निशाना
आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य श्रीकांत पप्पू दीक्षित ने प्रेसवार्ता का आयोजन किया और इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि बीते दिनों जबलपुर हाई कोर्ट ने कलेक्टर पन्ना संजय कुमार मिश्र पर टिप्पणी करते हुए उन्हें भाजपा का एजेंट कहा था। आज यह टिप्पणी पूरी तरह सही हो गई है। कलेक्टर पन्ना ने अपने पद की मर्यादा के इतर भाजपा एजेंट की तरह सभा को संबोधित किया और लोगों को भाजपा के पक्ष में वोट करने के लिए प्रेरित किया, जो कहीं से भी सही नहीं है।
श्रीकांत दीक्षित ने कहा कि इस तरह का बयान सीधे तौर पर एक पार्टी विशेष के लिए प्रेरित करना है, जो एक आईएएस स्तर के अधिकारी को कतई शोभा नहीं देता। इस मामले पर कांग्रेस पार्टी आईएएस एसोसिएशन को पत्र लिखकर शिकायत करेगी। कांग्रेस महामहिम राज्यपाल से मांग करेगी कि ऐसे कलेक्टर को तत्काल हटाया जाए। लोकतंत्र में न्यायपालिका, कार्यपालिका और विधायिका के अपने दायित्व हैं। यही लोकतंत्र की शोभा है। लेकिन कलेक्टर का अपने पद पर रहते हुए इस तरह एक पार्टी विशेष के पक्ष में काम करना बेहद आपत्तिजनक है।
हाईकोर्ट ने पन्ना DM को कहा था पॉलिटिकल एजेंट
पन्ना जिले के कलेक्टर संजय कुमार मिश्रा पहले भी अपने विचारों के चक्कर में विवादों में फंस चुके हैं। इन पर हाईकोर्ट ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा था कि ‘पन्ना कलेक्टर पॉलिटिकल एजेंट की तरह काम कर रहे हैं। इसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। इन्हें पद से हटा देना चाहिए’। कोर्ट ने यह टिप्पणी कलेक्टर की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करते हुए की। दरअसल, पन्ना की गुन्नौर जनपद और जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में अफसरों पर गड़बड़ी के आरोप लगे थे।
ये है पुराना मामला
पन्ना की गुन्नौर जनपद पंचायत में उपाध्यक्ष के चुनाव में कांग्रेस समर्थक परमानंद शर्मा को 13 वोट मिले थे, जबकि बीजेपी समर्थक रामशिरोमणि मिश्रा को 12 वोट मिले थे। निर्वाचन अधिकारी ने कांग्रेस नेता परमानंद शर्मा को जनपद उपाध्यक्ष की जीत का सर्टिफिकेट दे दिया, लेकिन हारे उम्मीदवार बीजेपी नेता रामशिरोमणि मिश्रा ने एक वोट के बैलेट पेपर पर स्याही बीच में लगी होने के चलते कलेक्टर के पास अपील की।
कलेक्टर ने वोट निरस्त कर दोनों प्रत्याशियों के बराबर 12-12 वोट कर अगले दिन पर्ची उठवाकर चुनाव कराया। इसमें रामशिरोमणि मिश्रा के नाम की पर्ची निकली और वे उपाध्यक्ष बन गए। कांग्रेस नेता ने इस पर आपत्ति जताते हुए हाइकोर्ट में याचिका दायर कर दी।
इस मामले में अपनी सफाई पेश करते हुए कलेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने कहा था कि मुझे हाईकोर्ट की टिप्पणी की जानकारी नहीं है। चुनाव नियम और पारदर्शिता के साथ कराए गए हैं।
Source link