बागेश्वर सरकार को महाराष्ट्र पुलिस की क्लीनचिट:कहा-वीडियो में कुछ आपत्तिजनक नहीं

बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को महाराष्ट्र की नागपुर पुलिस ने क्लीनचिट दे दी है। पुलिस का कहना है कि वीडियो में आपत्तिजनक कुछ भी नहीं है। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने नागपुर में ऐसा कुछ नहीं कहा था, जिससे अंधविश्वास फैले। इसके बाद बागेश्वर महाराज ने कहा कि सनातन का प्रचार अंधविश्वास नहीं है।
बागेश्वर सरकार के खिलाफ महाराष्ट्र अंध श्रद्धा निर्मूलन समिति के संस्थापक श्याम मानव ने शिकायत की थी। इसमें उन्होंने कहा था कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अंधविश्वास फैला रहे हैं। उन्होंने महाराज के खिलाफ केस दर्ज कराने के लिए भी कहा था।
नागपुर के पुलिस कमिश्नर अमितेष कुमार का इस बारे में बुधवार को बयान सामने आया। उन्होंने कहा कि 7 से 8 जनवरी को नागपुर में महाराज की सभा हुई थी। श्याम मानव की शिकायत पर वीडियोज की जांच की है। जांच के दौरान पाया गया कि वीडियो में कोई दिक्कत नहीं है। वीडियो के ज्यादातर हिस्से नागपुर के बाहर से थे। बाबा ने नागपुर में ऐसा कुछ नहीं कहा था, जिससे कि अंधविश्वास फैले। कमिश्नर का कहना है कि दिव्य दरबार के करीब छह घंटे के वीडियो थे। उसका ट्रांसस्क्रिप्ट तैयार करने में वक्त लगा। इसके बाद में हम किसी नतीजे पर पहुंचे हैं। इसमें कहीं से कोई अपराध प्रतीत नहीं होता।